भारतीय क्रिकेट में विराट कोहली (Virat Kohli) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का रिश्ता सिर्फ मैदान पर साथ खेलने तक सीमित नहीं रहा है। दोनों ने अलग-अलग समय पर टीम इंडिया की कप्तानी संभाली और एक-दूसरे के नेतृत्व को करीब से देखा।
अब दोनों की जिम्मेदारियां बदल चुकी हैं लेकिन रोहित के मुताबिक एक चीज आज भी पहले जैसी है, क्रिकेट को लेकर दोनों की बातचीत में कोई बदलाव नहीं है।
रोहित शर्मा ने विराट कोहली की टेस्ट कप्तानी के दौर को याद करते हुए उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने माना कि टेस्ट टीम की कप्तानी संभालने के बाद विराट ने टीम के लिए शानदार काम किया और उनके नेतृत्व का भारतीय क्रिकेट पर खास प्रभाव रहा।
रोहित ने जियोस्टार से बातचीत में कहा कि वह विराट के किए काम की सराहना करते हैं। उन्होंने बताया कि दोनों आज भी अपने-अपने खेल में सुधार को लेकर एक-दूसरे से बात करते रहते हैं। अगर रोहित की बल्लेबाजी में उन्हें कोई ऐसी बात नजर आती है, जिस पर ध्यान देने की जरूरत हो, तो विराट उसका जिक्र करते हैं। इसी तरह रोहित भी विराट से अपनी बात साझा करते हैं।
अब पहले जैसी मुलाकातें क्यों नहीं होतीं?
रोहित ने बातचीत के दौरान दोनों की मौजूदा जिंदगी का एक दिलचस्प पहलू भी बताया। उनके मुताबिक अब विराट से मुलाकात पहले की तुलना में काफी कम होती है। इसकी एक वजह यह है कि विराट का घर रोहित के घर से काफी दूर है और वह लंदन शिफ्ट हो गया है। दूसरी वजह यह है कि अब दोनों सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेल रहे हैं। वनडे सीरीज भी लगातार नहीं होती है, इसलिए दोनों के पास पहले जैसा लगातार साथ रहने का मौका नहीं है। रोहित ने बताया कि करीब एक साल पहले तक दोनों लगभग हर पांच से सात दिन में दौरे पर मिल जाते थे। उस समय दोनों भारतीय टीमों के साथ लगातार यात्रा करते थे और घर पर ज्यादा समय नहीं मिल पाता था।
कैसा रहा रोहित और कोहली का कप्तानी में रिकॉर्ड
विराट कोहली भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान हैं। उन्होंने 2015 से 2022 के बीच करीब सात साल तक भारतीय टेस्ट टीम की पूर्णकालिक कप्तानी की। उनकी कप्तानी में भारत ने 68 टेस्ट मैच खेले और इनमें 40 मुकाबलों में जीत हासिल की। विराट के नेतृत्व में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया की जमीन पर पहली बार टेस्ट सीरीज भी जीती। 2018-19 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में सीरीज हराई थी। इसके बाद रोहित शर्मा ने टेस्ट कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने भारत के 24 टेस्ट मैचों में कप्तानी की और टीम को 12 मुकाबलों में जीत दिलाई।
दोनों के कप्तानी करियर का एक और कनेक्शन सफेद गेंद के क्रिकेट में भी रहा। विराट के बाद रोहित ने भारत की सीमित ओवरों की कप्तानी संभाली और उनकी अगुवाई में भारत ने 2024 टी20 विश्व कप तथा 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता।