2026 एशियन गेम्स में क्रिकेट की प्रतियोगिता अब तक सिर्फ रैंकिंग के आधार पर आगे बढ़ी है. भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश ने अब तक एक भी मैच नहीं खेला है, लेकिन चारों टीम सेमीफाइनल में जगह बना चुकी हैं.
हॉन्ग कॉन्ग, अफगानिस्तान, मलेशिया और नेपाल ग्रुप स्टेज की चुनौती को पार कर क्वार्टरफाइनल में पहुंची थीं, लेकिन उन्हें सेमीफाइनल के लिए दावेदारी पेश करने का चांस ही नहीं मिला.
अब वही चार टीम सेमीफाइनल में पहुंची हैं, जिन्हें टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले सीडिंग सिस्टम के तहत डायरेक्ट क्वार्टरफाइनल का टिकट मिला था. यहां जान लीजिए भारत और पाकिस्तान समेत बाकी टीम कब और कहां अपना-अपना सेमीफाइनल मैच खेलेंगी.
सेमीफाइनल का पूरा शेड्यूल
2026 एशियन गेम्स में दोनों सेमीफाइनल मैच 1 अक्टूबर को खेले जाएंगे. पहला सेमीफाइनल मैच पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा. वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भारत और श्रीलंका की टक्कर होने वाली है.
- पहला सेमीफाइनल – पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश – 1 अक्टूबर
- दूसरा सेमीफाइनल – भारत बनाम श्रीलंका – 1 अक्टूबर
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच पहला सेमीफाइनल मैच 1 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे शुरू होगा. वहीं उसी दिन भारत और श्रीलंका का दूसरा सेमीफाइनल भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से शुरू होगा.
एशियन गेम्स का क्रिकेट टूर्नामेंट बहस का विषय भी बना हुआ है. ग्रुप स्टेज से लेकर अब तक कई मुकाबले बारिश की भेंट चढ़ चुके हैं. जब चारों क्वार्टरफाइनल ही बारिश के कारण रद्द हो गए, तो नियमों पर सवाल उठने शुरू हुए. क्वार्टरफाइनल रद्द होने के बाद ऊंची रैंकिंग के आधार पर भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश सेमीफाइनल में पहुंचे. बताते चलें कि 2022 एशियन गेम्स के फाइनल में भारतीय टीम को ऊंची रैंकिंग के आधार पर ही गोल्ड मेडल मिला था.
इस बार बदल गया नियम
2022 के फाइनल में भारतीय मेंस क्रिकेट टीम का सामना अफगानिस्तान से हुआ. चूंकि बारिश के कारण मुकाबला पूरा नहीं हो सका, इसलिए ऊंची रैंकिंग के आधार पर टीम इंडिया को चैंपियन घोषित किया गया था. मगर इस बार नियम बदल दिया गया है. इस बार फाइनल बारिश की भेंट चढ़ता है तो दोनों टीमों को गोल्ड मेडल मिलेगा.