Hardik Pandya: भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने हार्दिक पांड्या चोटों पर चिंता जताई है. उनका मानना है कि लगातार चोटिल होने से टीम मैनेजमेंट और सेलेक्टर्स का भरोसा हार्दिक की फिटनेस पर कम हो सकता है.
हार्दिक फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की घरेलू सीरीज से बाहर हैं. उन्हें ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ इंडिया ए की ओर से खेलकर मैदान पर वापसी करनी थी, लेकिन पिंडली में नई चोट लगने के कारण वह इस सीरीज से भी बाहर हो गए. इस वजह से उनकी वापसी में और देरी हो गई है.
पठान ने हार्दिक की चोटों को लेकर निराशा जताते हुए कहा, “किसी भी खिलाड़ी के लिए यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हार्दिक बिना खेले चोटिल हो रहे हैं. आप खेलते हैं, चोटिल होते हैं और फिर रिहैबिलिटेशन के दौरान दोबारा चोट लग जाती है. वह इंडिया ए सीरीज से भी बाहर हो गए हैं. इससे टीम मैनेजमेंट और सेलेक्टर्स का भरोसा कम होगा. लगातार खेलने और काम का बोझ बढ़ने से चोट लगना अलग बात है.”
हार्दिक के ऑप्शन के तौर पर नितीश रेड्डी पर भरोसा
हार्दिक की फिटनेस को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच इरफान पठान ने भारतीय टीम को तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडरों को तैयार करने की सलाह दी है. उन्होंने नितीश कुमार रेड्डी का समर्थन करते हुए कहा कि टीम मैनेजमेंट को उन्हें ज्यादा मौके देने चाहिए. पठान ने कहा, “जब भी मौका मिले, टीम मैनेजमेंट के लिए दो ऑलराउंडरों को तैयार करना जरूरी है. इसी वजह से नितीश को मौका दिया जाएगा. अब उनकी जिम्मेदारी अच्छा प्रदर्शन करने और फिट रहने की है. हमने उनके खेल में लगातार सुधार देखा है. उनकी गेंदबाजी की रफ्तार बढ़ी है और उन्होंने अपनी गेंदबाजी पर मेहनत की है.”
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में नितीश का प्रदर्शन
नितीश कुमार रेड्डी ने हाल के दिनों में अपनी गेंदबाजी में सुधार दिखाया है. चोट से वापसी करने के बाद उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में भी गेंदबाजी की थी. शुरुआत में उन्हें एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में चुना गया था, लेकिन बाद में उनकी जगह दूसरे खिलाड़ी को शामिल किया गया और उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे टीम में जगह मिली. पहले वनडे में नितीश ने 5 ओवर गेंदबाजी की और 45 रन देकर 1 विकेट हासिल किया.