पाकिस्तान क्रिकेट में इस वक्त एक ऐसी तुलना चर्चा में है, जिसने पूरी दनिया के क्रिकेट फैंस का ध्यान खींचा है. जिस बाबर आजम को पाकिस्तान क्रिकेट का सबसे बड़ा चेहरा माना जाता रहा है, अब पूर्व चीफ सेलेक्टर मोहम्मद वसीम ने महिला टीम की कप्तान फातिमा सना को उनसे भी आगे बताया है.
मोहम्मद वसीम ने अपने यूट्यूब शो ‘BolWasim’ में फातिमा सना को लेकर अपनी राय रखी. उनसे पूछा गया था कि क्या फातिमा को पुरुष क्रिकेट में बाबर आजम के बराबर माना जा सकता है. इस पर वसीम ने कहा कि फातिमा उन खिलाड़ियों से भी आगे हैं, खासकर उन लोगों के बीच जो क्रिकेट को समझते हैं. उन्होंने कहा कि लोकप्रियता प्रदर्शन से बनती है.
बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान
वसीम ने फातिमा की ऑलराउंड क्षमता को भी उनकी खासियत बताया. उन्होंने कहा कि फातिमा सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं, बल्कि बल्ले से भी टीम के लिए योगदान देती हैं. यही वजह है कि उनके प्रदर्शन पर पाकिस्तान के बाहर भी ध्यान गया है. वसीम ने उन्हें मौजूदा समय में पाकिस्तान क्रिकेट की सुपरस्टार बताया.
134 मैचों में 1800 से ज्यादा रन
फातिमा सना ने पाकिस्तान के लिए अब तक 134 व्हाइट बॉल मैच खेले हैं. उनके नाम 1800 से ज्यादा रन और 157 विकेट दर्ज हैं. एक ऑलराउंडर के तौर पर उनका प्रदर्शन पाकिस्तान महिला टीम में उनकी अहम भूमिका को दिखाता है.
बाबर आजम पर भी उठ रहे सवाल
वहीं, बाबर आजम पिछले कुछ समय से अपनी बल्लेबाजी को लेकर चर्चा में हैं. पाकिस्तान के इस स्टार बल्लेबाज से फैंस को हमेशा बड़ी पारियों की उम्मीद रहती है, लेकिन हाल के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठे हैं. इसी दौर में मोहम्मद वसीम का फातिमा को बाबर से आगे बताना चर्चा की बड़ी वजह बन गई है.
फातिमा सना के प्रदर्शन और बाबर आजम के मौजूदा फॉर्म को लेकर हुई यह तुलना पाकिस्तान क्रिकेट में चर्चा का नया मुद्दा बन गई है. वसीम के बयान के बाद पुरुष और महिला क्रिकेटरों को मिलने वाली पहचान और उनके प्रदर्शन को लेकर भी सोशल मीडिया पर बहस देखने को मिल रही है.