न्यूजीलैंड को बड़ा झटका, 9243 रन वाला बैटर शूटिंग के दौरान चोटिल, भारत के खिलाफ खेलने पर संशय

न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र एक विज्ञापन की शूटिंग के दौरान डाइव लगाकर कैच लेने के प्रयास में चोटिल हो गए। 9243 रन बना चुके रचिन का भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलना संदिग्ध है।

रचिन के कंधे में चोट लगी है। शुक्रवार (18 सितंबर) को उनकी चोट का आकलन किया गया, जो गंभीर नहीं है।

रिहैब के दौरान ही पता चल पाएगा कि रचिन कब तक वापसी कर पाएंगे। न्यूजीलैंड 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के लिए भारत की मेजबानी करेगा। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा कि यह अब भी ‘अस्पष्ट’ है कि रविंद्र सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं।

विज्ञापन की शूटिंग के लिए रचिन ने ली थी अनुमति

न्यूजीलैंड के ‘परफॉर्मेंस’ मैनेजर माइक सैंडल ने क्रिकइंफो से कहा, ‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण चोट थी। रचिन के लिए हमें बहुत दुख है और हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि वह जल्द से जल्द फिट होकर मैदान पर वापसी करें। विज्ञापन की शूटिंग के लिए उन्होंने अनुमति ली थी और इसके लिए उचित सुरक्षा उपाय लागू किए गए थे।’

रचिन की वापसी में नहीं जल्दबाजी

न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि टीम अपने व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए रविंद्र की वापसी में जल्दबाजी नहीं करेगी। वाल्टर ने कहा, ‘हमारा अगले छह महीनों में टेस्ट क्रिकेट में व्यस्त कार्यक्रम होने के कारण हम रचिन की वापसी को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं।’

न्यूजीलैंड में सबसे बड़ी पुरुषों की बाइलेटरल सीरीज

न्यूजीलैंड में अब तक की यह सबसे बड़ी पुरुषों की बाइलेटरल क्रिकेट सीरीज होगी। 2027 ODI वर्ल्ड कप की तैयारियों के मद्देनजर शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम 4 से 15 नवंबर के बीच चार वेन्यू पर पांच वनडे मैच खेलेगी। 40 दिन का यह दौरा 22 अक्टूबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की घरेलू सीरीज के तुरंत बाद शुरू होगा। इसमें पांच टी20 मैच होंगे। दौरा दो टेस्ट मैचों के साथ खत्म होगा। यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल क्वालिफिकेशन के लिए काफी महत्वपूर्ण होगा। भारत 2019 के बाद पहली बार न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट खेलेगा। 2022 के बाद पहली बार वहां व्हाइट बॉल सीरीज खेलेगा।

अजीत अगरकर नहीं चाहते विस्तार

अजीत अगरकर का कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म होने वाला है। इससे पहले उन्होंने बीसीसीआई को बता दिया है कि वह आगे इस पद पर नहीं बने रहना चाहते।

Leave a Comment