वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में नमन धीर ने डेब्यू किया। पंजाब के इस खिलाड़ी का बल्लेबाजी में कम और गेंदबाजी में ज्यादा इस्तेमाल हुआ है। उन्हें सफलता भी मिली है। 3 मैचों में वह 5 पांच विकेट ले चुके हैं।
लखनऊ में पहले मैच में उन्होंने 3 विकेट लिए। दूसरे मैच में वह खाली हाथ रहे और तीसरे में उन्होंने 2 विकेट लिए। नम धीर के विकेट के साथ एक पैटर्न देखने को मिला है। बल्लेबाज उनको छक्का लगाता है और अगली गेंद पर आउट हो जाता है। नमन धीर को पांचों विकेट ऐसे ही मिला है।
भारत-वेस्टइंडीज पहले टी20 में 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर शाई होप ने छक्का जड़ा। अगली गेंद पर वह अक्षर पटेल को कैच दे बैठे। इसके बाद रोमारियो शेफर्ड ने 13वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़ा। अगली गेंद पर वह पवेलियन लौट गए। इसके बाद शमर स्प्रिंगर ने 16वें ओवर की चौथी गेंद पर छक्का और 5वीं गेंद पर आउट हो गए।
हेटमायर और पूरन भी हुए शिकार
भारत-वेस्टइंडीज तीसरे टी20 में नमन धीर को शिमरोन हेटमायर ने सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ा। इसके बाद अगली गेंद पर वह आउट हो गए। इसके बाद कामिल पूरन ने 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ा और अगली गेंद पर आउट हो गए। नमन ने तीसरे टी20 में 3 ओवर में 39 रन देकर 2 विकेट लिए। पहले टी20 में उन्होंने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट लिए। दूसरे टी20 में उन्होंने 2 ओवर में 25 रन देकर कोई सफलता हासिल नहीं की।
तिलक वर्मा अजीब ढंग से हुए रन आउट
भारत की पारी में 17वें ओवर में अक्षर पटेल ने गुडाकेश मोती की गेंद को डीप बैकवर्ड स्क्वायर-लेग बाउंड्री की तरफ फ्लिक किया। बाउंड्री पर तैनात कामिल पूरन ने डाइव लगाकर गेंद को बाउंड्री तक पहुंचने से रोक दिया। भारतीय बल्लेबाजों को लगा कि यह चौका है और वे आराम से अपनी-अपनी छोर पर क्रीज की ओर बढ़ने लगे। इसी बीच तिलक रन आउट हो गए।