बुडापेस्ट (हंगरी), (निकलेश जैन): शतरंज जगत के नए और बहुचर्चित आयोजन टोटल चेस वर्ल्ड चैंपियनशिप टूर के पायलट टूर्नामेंट में भारत के तीन खिलाड़ी आर प्रज्ञानन्दा, अर्जुन एरिगैसी और वैशाली रमेशबाबु खेलते नजर आएंगे।
यह टूर्नामेंट 10 से 20 नवंबर 2026 तक हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के अनंतारा न्यूयॉर्क पैलेस होटल में खेला जाएगा। 24 खिलाड़ियों की सूची अब पूरी हो चुकी है। मौजूदा विश्व चैंपियन गुकेश डी ने भी इसके लिए पात्रता हासिल की थी, लेकिन उन्होंने इसमें हिस्सा न लेने का फैसला किया है।
इस टूर्नामेंट की सबसे बड़ी खासियत इसका फॉर्मेट है, जिसमें फास्ट क्लासिक, रैपिड और ब्लिट्ज तीनों को एक ही चैंपियनशिप में शामिल किया गया है। ग्रुप चरण में 24 खिलाड़ियों को छह-छह के चार ग्रुप में बांटा जाएगा। हर ग्रुप में पांच दिन तक डबल राउंड-रॉबिन आधार पर मुकाबले होंगे, यानी हर खिलाड़ी फास्ट क्लासिक की दस बाजियां खेलेगा। इन बाजियों में हर खिलाड़ी को 45 मिनट और प्रति चाल 30 सेकंड की बढ़त मिलेगी। जीत पर 3 अंक और ड्रॉ पर 1 अंक दिया जाएगा। मुख्य मुकाबलों से पहले नौ राउंड का ब्लिट्ज स्विस टूर्नामेंट खेला जाएगा, जिसके आधार पर टाईब्रेक रैंकिंग तय होगी।
टूर्नामेंट में दुनिया के लगभग सभी दिग्गज खिलाड़ी उतर रहे हैं। इनमें मैग्नस कार्लसन, फैबियानो कारुआना, वेस्ले सो, विंसेंट कायमर, नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव, अनीश गिरी, अलीरेज़ा फिरौजा, यान-क्रिस्टोफ डूडा, लिएम ले, रिचर्ड रापोर्ट, लेवोन आरोनियन, हांस नीमन, शाख़्रियार मामेद्यारोव, इयान नेपोम्नियाची, मैक्सिम वाशिए-लाग्रेव, योर्डन वान फोरेस्ट, हाइक मार्तिरोस्यान, व्लादिस्लाव आर्तेमिएव, अभिमन्यु मिश्रा और एंड्रयू होंग शामिल हैं। महिला खिलाड़ियों में भारत की वैशाली रमेशबाबु के साथ कज़ाख़स्तान की बिबिसारा असौबायेवा भी इस सूची में हैं।
भारतीय खिलाड़ियों के लिए बुडापेस्ट की यादें बेहद खास हैं, क्योंकि इसी शहर में 2024 के शतरंज ओलंपियाड में भारत ने ऐतिहासिक दोहरा स्वर्ण पदक जीता था। ऐसे में प्रज्ञानन्दा, अर्जुन और वैशाली से एक बार फिर दमदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।