एडन मार्कराम और मार्केस एकरमैन ने मिलकर रचा इतिहास, तीसरे टेस्ट में कंगारुओं के सामने 56 साल बाद दोहराया कारनामा

साउथ अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज एडन मार्कराम और मार्केस एकरमैन ने ऑस्ट्रेलिया के सामने तीसरे टेस्ट में कमाल की बल्लेबाजी की। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 150 से भी अधिक रनों की साझेदारी कर दी।

ऑस्ट्रेलियाई टीम विकेट के लिए तरसती रही। हालांकि मार्केस एकरमैन जब अपने शतक से केवल 5 रन दूर थे, तभी वे आउट हो गए। लेकिन इससे पहले दोनों बल्लेबाजों ने करीब 56 साल पुराना इतिहास दोहरा दिया।

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा है तीसरा टेस्ट मुकाबला

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम इस वक्त साउथ अफ्रीका के दौरे पर है। जहां तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के दो मैच हो गए हैं। पहला मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीता और लीड बना ली, इसके बाद पलटवार करते हुए साउथ अफ्रीका ने दूसरा टेस्ट अपने नाम कर सीरीज को बराबरी पर लाकर खड़ा कर दिया है। अब तीसरा मैच चल रहा है, इसी मैच से तय होगा कि कौन सी टीम सीरीज जीतेगी। सीरीज  के तहत खेली जा रही है, इसलिए ये और भी ज्यादा अहम हो जाता है।

एडन मार्कराम और मार्केस एकरमैन के बीच रिकॉर्ड साझेदारी

सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में साउथ अफ्रीका की टीम पहले ​बैटिंग के लिए उतरी। सलामी बल्लेबाज एडेन मार्कराम और मार्केस एकरमैन ने जबरदस्त शुरुआत दी। पहले दोनों ने मिलकर टीम को 100 रन के स्कोर तक पहुंचाया और उसके बाद 150 रन भी पूरे कर लिए। साउथ अफ्रीका के लिए पहले विकेट के लिए 150 रनों का स्कोर साल 2017 के बाद जाकर बना है। इससे पहले साल 2017 में एडन मार्करम ने डील एल्गर के साथ मिलकर 243 रनों की साझेदारी की थी, तब मैच बांग्लादेश के खिलाफ था। इतना ही नहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में करीब 56 साल बाद साउथ अफ्रीका की टीम ने पहले विकेट के लिए 150 से अधिक रन जोड़े थे। इससे पहले ये कारनामा साल 1970 में हुआ था।

शतक पूरा करने से पहले ही आउट हो गए मार्केस एकरमैन, मार्करम भी नहीं लगा पाए सेंचुरी

इस बीच मार्केस एकरमैन जब 95 रन पर खेल रहे थे, तभी नाथन लॉयन ने उन्हें आउट कर पवेलियन भेज दिया। मार्केस एकरमैन ने 94 बॉल पर 95 रन बनाए। वे टेस्ट में भी वनडे की तरह खेलते हुए नजर आए। उन्होंने 12 चौके और 2 छक्के लगाए। जब वे आउट हुए, तब टीम का स्कोर 158 रन था। इसके बाद एडन मार्करम भी 78 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 141 बॉल का सामना किया। उनके बल्ले से 10 चौके और एक छक्का आया। साउथ अफ्रीका ने 200 से अधिक रन बना लिए हैं और टीम अब बड़े स्कोर की ओर बढ़ती हुई नजर आ रही है। इससे ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

Leave a Comment