उर्विल पटेल ने रणजी ट्रॉफी में काटा कदर, 17 चौके और 6 छक्के लगाकर बनाए 210 रन; पहली बार किया ऐसा

गुजरात के विकेटकीपर-बल्लेबाज उर्विल पटेल ने मंगलवार को रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मुकाबले में केरलम के खिलाफ गदर काटा। उन्होंने दोहरा शतक जमाया। 28 वर्षीय उर्विल ने छठे नंबर पर उतरने के बाद 227 गेंदों में नाबाद 210 रन बनाए।

उनके बल्ले से 17 चौके और 6 छक्के निकले। यह उनके फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर का पहला दोहरा शतक है। उर्विल ने विशाल जायसवाल (77) के साथ छठे विकेट के लिए 179 रनों की दमदार साझेदारी की। उन्होंने अमित देसाई (36) के साथ आठवें विकेट के लिए 78 और सिद्धार्थ देसाई (18) के संग नौवें विकेट के लिए 82 रन जोड़े। उर्विल की डबल सेंचुरी की बदौलत गुजरात ने पहली पारी 9 विकेट पर 534 रन बनाकर घोषित की। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने पर केरलम का पहली पारी में स्कोर 74/3 था।

महाराष्ट्र ने बंगाल पर हासिल की बढ़त

युवा ऑलराउंडर तन्मय सांघवी के पहले अर्धशतक और आखिरी विकेट के लिए प्रदीप दाधे के साथ उनकी अटूट साझेदारी की बदौलत महाराष्ट्र ने शानदार वापसी करते हुए रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मुकाबले के दूसरे दिन मेजबान बंगाल पर पहली पारी में 64 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली। महाराष्ट्र ने सुबह दो विकेट पर 21 रन के स्कोर से खेलना शुरू किया और खराब रोशनी के कारण खेल रोके जाने तक 79 ओवर में नौ विकेट पर 207 रन बना लिए। सांघवी 57 रन (तीन चौके, एक छक्का) बनाकर खेल रहे हैं जबकि दूसरे छोर पर दाधे (नाबाद 22 रन) उनका साथ निभा रहे हैं। लगातार चौथी जीत की तलाश में जुटी ग्रुप में शीर्ष पर काबिज बंगाल की टीम पहले दिन 143 रन पर सिमट गई थी। वह महाराष्ट्र को कम स्कोर पर रोकने की स्थिति में दिख रही थी जब उसने 25.3 ओवर में महाराष्ट्र का स्कोर छह विकेट पर 64 रन कर दिया था।

शमी और उनके भाई ने लिए इतने विकेट

हालांकि, महाराष्ट्र के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने शानदार जुझारूपन दिखाया। अपना केवल तीसरा प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे सांघवी ने उपयोगी साझेदारियां करते हुए पारी को संभाला। बंगाल के गेंदबाज महाराष्ट्र के निचले क्रम को जल्दी समेटने में नाकाम रहे। बंगाल के स्पिनर शाहबाज अहमद और प्रदीप्त प्रमाणिक ने मिलकर अच्छी गेंदबाजी की। प्रमाणिक ने इससे पहले केरल के खिलाफ मुकाबले में 10 विकेट हासिल किए थे। शाहबाज ने 12 ओवर का लंबा स्पैल डाला लेकिन उन्हें पिच से ज्यादा मदद नहीं मिली। महाराष्ट्र की आखिरी जोड़ी ने मजबूती से बल्लेबाजी करते हुए बिना विकेट गंवाए 49 रन जोड़ दिए और टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया। इससे पहले भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 22 ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट हासिल किए जबकि उनके छोटे भाई मोहम्मद कैफ ने 33 रन देकर दो विकेट लिए। (भाषा इनपुट के साथ)

Leave a Comment