ईशान किशन चोटिल तो 15 साल के वैभव सूर्यवंशी बने कप्तान, दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में रचा नया इतिहास

ई दिल्ली। दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल में उस समय बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब ईस्ट जोन के नियमित कप्तान ईशान किशन चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। उनकी गैरमौजूदगी में महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने टीम की कप्तानी संभाल ली।

वैभव को इस टूर्नामेंट के लिए ईस्ट जोन का उपकप्तान बनाया गया है और अब वह पहली बार किसी सीनियर पुरुष टीम की कप्तानी करते नजर आए।

ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच खेले जा रहे सेमीफाइनल में ईशान किशन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। मैच के पहले दिन के शुरुआती सत्र में विकेटकीपिंग करते समय ईशान को चोट लग गई। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा और वैभव ने टीम की कमान संभाल ली।

19वें ओवर में लगी ईशान किशन को चोट

ईशान किशन को चोट पारी के 19वें ओवर में लगी। वह विकेटकीपिंग कर रहे थे, तभी एक गेंद उनकी दाहिनी कलाई पर जा लगी। चोट लगने के बाद ईशान दर्द में नजर आए और फिजियो की मदद ली। इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए मैदान से बाहर जाना पड़ा।

ईशान के मैदान से बाहर जाने के बाद कुमार कुशाग्र ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। वहीं 19वें ओवर से ही वैभव सूर्यवंशी ने ईस्ट जोन की कप्तानी की कमान अपने हाथों में ले ली।

अब सभी की नजरें ईशान किशन की चोट पर हैं। वह कितनी देर में फिट होकर मैदान पर वापसी करते हैं, यह मैच के आगे के हालात के लिए महत्वपूर्ण होगा।

पहली बार सीनियर टीम की कप्तानी कर रहे वैभव

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के लिए यह मुकाबला बेहद खास है। वह पहली बार किसी सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम की कप्तानी कर रहे हैं। वैभव दलीप ट्रॉफी 2026 में ईस्ट जोन के उपकप्तान हैं और नियमित कप्तान की अनुपस्थिति में उन्हें टीम की कमान संभालने का मौका मिला है।

वैभव अपने करियर का दूसरा दलीप ट्रॉफी मुकाबला और कुल 10वां फर्स्ट-क्लास मैच खेल रहे हैं। उन्होंने 2024 की शुरुआत में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था। उस समय भी उन्होंने कम उम्र में प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलने को लेकर सुर्खियां बटोरी थीं।

दलीप ट्रॉफी के पिछले मुकाबले में नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में वैभव बल्ले से ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके थे। वह आठ गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए थे। हालांकि गेंदबाजी में उन्होंने दो विकेट हासिल किए थे।

शाहबाज अहमद प्लेइंग XI से बाहर

सेमीफाइनल मुकाबले के लिए ईस्ट जोन की टीम में भी बदलाव किया गया है। पिछले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले शाहबाज अहमद पूरी तरह फिट नहीं थे। इसी वजह से उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया। उनकी जगह कुनैन कुरैशी को टीम में मौका दिया गया है।

ईस्ट जोन के लिए मुकाबले की शुरुआत हालांकि उम्मीद के मुताबिक रही। सेंट्रल जोन ने पहले दिन के लंच ब्रेक तक 3 विकेट के नुकसान पर 81 रन बना लिए थे।

Leave a Comment