टीम इंडिया के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा 26 साल के हो गए हैं. 4 सितंबर को अमृतसर में जन्मा ये खिलाड़ी आज दुनिया के सबसे खतरनाक टी20 बल्लेबाजों में से एक है. हालांकि उनके जन्मदिन के मौके पर उनके कोच और मेंटॉर युवराज सिंह ने एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें ये खिलाड़ी उठक-बैठक लगा रहा है.
अभिषेक शर्मा से ये उठक-बैठक युवराज सिंह ही लगवा रहे हैं और साथ ही उनसे ये वादा भी ले रहे हैं कि वो गलतियां नहीं करेंगे, जिनकी वजह से वो जल्दी आउट होते हैं. आइए आपको बताते हैं कि इस वीडियो में क्या खास बात है.
अभिषेक ने युवराज से क्या वादा किया?
अभिषेक शर्मा ने वीडियो में ड्रेसिंग रूम में कान पकड़कर उठक-बैठक लगाते दिख रहे हैं. साथ ही युवराज अभिषेक से कह रहे हैं- कहो, मैं पहली बॉल से लप्पा नहीं मारूंगा. मैं पहली बॉल हवा में नहीं मारूंगा. मैं टाइम लेकर बैटिंग करूंगा. बता दें युवराज सिंह अकसर अभिषेक शर्मा को उनकी बैटिंग अप्रोच के लिए ट्रोल करते रहते हैं. हालांकि अभिषेक शर्मा की इस बेबाक बैटिंग की वजह से ही उन्हें सफलता भी मिली है. लेकिन पिछले कुछ समय में अभिषेक शर्मा ने अपने खेल को बदला है. वो क्रीज पर थोड़ा टाइम लेकर बैटिंग करते हैं.
अभिषेक शर्मा ने हासिल किया ये मुकाम
- महज 26 साल की उम्र में ये खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप जीत चुका है.
- अभिषेक शर्मा का टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 187.24 का स्ट्राइक रेट है.
- अभिषेक शर्मा सबसे ज्यादा टी20 रैंकिंग में 931 रेटिंग प्वाइंट हासिल करने वाले खिलाड़ी हैं.
- अभिषेक टी20 रैंकिंग में नंबर 1 पोजिशन हासिल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं.
- एशिया कप में ये खिलाड़ी प्लेयरऑफ द सीरीज रहा था.
- अभिषेक भारत के लिए सबसे बड़ा टी20 इंटरनेशनल स्कोर (135) बनाने वाले खिलाड़ी हैं.
- टी20 इंटरनेशनल में सबसे अच्छी गेंदबाजी आंकड़े वाले ओपनर भी हैं. उनका बेस्ट 17 रन देकर 3 विकेट है.
- भारत के लिए सबसे तेज टी20 अर्धशतक लगाने के मामले में वो दूसरे नंबर पर हैं. उन्होंने 14 गेंदों पर अर्धशतक लगाया हुआ है.
- अभिषेक टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम गेंदों में 100 छक्के लगाने वाले खिलाड़ी हैं.
- टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी अभिषेक शर्मा के नाम है.