India vs Afghanistan: अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए मंगलवार को टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया। टीम में कुछ ऐसे नाम भी शामिल किए गए हैं, जिनकी फिटनेस अभी पूरी तरह साफ नहीं है।
यही बात चयन समिति के फैसले पर सवाल खड़े कर रही है। खास तौर पर जब कुछ फिट खिलाड़ी टीम से बाहर हैं, तब चोटिल खिलाड़ियों को जगह मिलना समझ से परे नजर आता है।
सबसे बड़ा सवाल वॉशिंगटन सुंदर को लेकर है। वह फिलहाल फिट नहीं हैं लेकिन इसके बावजूद उन्हें टीम में शामिल किया गया है। अगर वह समय रहते फिटनेस हासिल नहीं कर पाते हैं तो उन्हें टीम से बाहर किया जा सकता है। ऐसे में सवाल यह है कि जब किसी खिलाड़ी की उपलब्धता ही तय नहीं है तो उसे शुरुआती टीम में शामिल करने की जरूरत क्यों पड़ी?
जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और नितीश रेड्डी जैसे खिलाड़ियों को लेकर भी फिटनेस की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं है। इसके बावजूद इन नामों को टीम में जगह दी गई है। दूसरी तरफ क्रुणाल पांड्या जैसे फिट खिलाड़ी को मौका नहीं मिला। इन सब कारणों से चयन समिति पर सवाल खड़े होते हैं।
श्रीलंका दौरे पर भी यही हुआ
दिलचस्प बात यह है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। श्रीलंका दौरे के दौरान भी चयन समिति ने कुछ ऐसे खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया था, जो बाद में फिटनेस समस्या के कारण बाहर हो गए। उस समय साई सुदर्शन और जसप्रीत बुमराह को टीम में चुना गया था लेकिन बाद में दोनों को बाहर होना पड़ा था।
अब अफगानिस्तान सीरीज में एक बार फिर वैसा ही फैसला देखने को मिल रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या चयनकर्ताओं को पहले से उपलब्ध और फिट खिलाड़ियों पर भरोसा नहीं है? टीम से आठ खिलाड़ियों को बाहर किया गया है और इनमें कई फिट खिलाड़ी मौजूद हैं। इसके बावजूद चार ऐसे नामों को शामिल किया गया है, जो अभी फिटनेस हासिल कर रहे हैं।
फिटनेस के आधार पर होना चाहिए चयन
टीम चयन में सबसे जरूरी चीज खिलाड़ियों की उपलब्धता और फिटनेस होनी चाहिए। अगर कोई खिलाड़ी मैच के लिए तैयार नहीं है तो उसके स्थान पर फिट खिलाड़ी को मौका देना ज्यादा तार्किक नजर आता है। अफगानिस्तान सीरीज के लिए चुनी गई टीम ने इसी वजह से चयन समिति के फैसलों को एक बार फिर सवालों के घेरे में ला दिया है।
भारतीय टीम (Team India Squad)
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा।