हैरी ब्रूक ने ठोका तूफानी शतक, इंग्लैंड ने T20I मैच में कर दिया श्रीलंका का काम तमाम

श्रीलंका की टीम व्हाइट बॉल सीरीज के लिए इंग्लैंड के दौरे पर गई है, लेकिन पहले ही मैच में इतनी करारी हार मेहमान टीम को मिली है कि जिससे उन्हें संभलने में वक्त लगेगा। श्रीलंका को 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के पहले मैच में 119 रनों से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी।

इंग्लैंड के लिए कप्तान हैरी ब्रूक ने तूफानी शतक जड़ा और जोस बटलर ने भी कमाल की बल्लेबाजी साउथैम्पटन में खेले गए मुकाबले में की। गेंदबाजी में सन्नी बेकर ने धमाल मचाया और श्रीलंका को चारों खाने चित कर दिया।

3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका की टीम के कप्तान चरित असलंका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तो पहला झटका 31 रन के कुल स्कोर पर लगा, जब अपना पहला मैच खेल रहे अन्यूरिन डोनाल्ड 12 रन बनाकर चलते बने। हालांकि, इसके बाद दूसरे विकेट के लिए 120 रनों से ज्यादा का इंतजार श्रीलंका को करना पड़ा था, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। 12 ओवर में 159 रन बन चुके थे और मेजबान टीम ड्राइविंग सीट पर थी।

जोस बटलर 44 गेंदों में 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 80 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन दूसरे छोर से कप्तान हैरी ब्रूक ने श्रीलंका के गेंदबाजों की पिटाई जारी रखी। उन्होंने 42 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो उनका दूसरा शतक इस फॉर्मेट का था। विल जैक्स ने 21 रन बनाए और इस तरह इंग्लैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 254 रन बना दिए। श्रीलंका के सामने 255 रनों की चुनौती थी। लक्ष्य को देखकर ही लग रहा था कि श्रीलंका के लिए इस मैच को जीतना बेहद कठिन है और हुआ भी ऐसा ही।

श्रीलंका की टीम विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी तो एक के बाद एक विकेट खोती चली गई। 20 रन पर पहला विकेट गिरा और फिर विकेट गिरते ही चले गए। 135 रन पर ही टीम सिमट गई। दुनित वेलालगे ने 21 गेंदों में सबसे ज्यादा 33 रन श्रीलंका के लिए बनाए। उधर, इंग्लैंड के लिए सन्नी बेकर ने 3 विकेट निकाले, जबकि 2-2 विकेट लियाम डॉसन और जैमी ओवर्टन को मिले। श्रीलंका को दूसरा मैच अब इंग्लैंड के खिलाफ इस टी20 सीरीज का गुरुवार 17 सितंबर को खेलना है, जिसमें अगर श्रीलंका को जीत नहीं मिली तो सीरीज मेजबानों के कब्जे में होगी। दूसरा मैच कार्डिफ में आयोजित होगा। इस मैच की बात करें तो प्लेयर ऑफ द मैच शतकवीर हैरी ब्रूक थे।

Leave a Comment