ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे को दिखाई अपनी ताकत, पहले वनडे मैच में बुरी तरह धोया; मैट रेनशॉ ने ठोका शतक

स्ट्रेलिया की टीम जिम्बाब्वे में इस समय 3 मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेल रही है। सीरीज के पहले मैच में मैट रेनशॉ ने कमाल की बल्लेबाजी की, जबकि नाथन एलिस ने दमदार गेंदबाजी की।

इस तरह ऑस्ट्रेलिया को बड़ी जीत पहले मुकाबले में मिली। मैट रेनशॉ ने करियर का पहला एकदिवसीय शतक लगाया, जबकि नाथन एलिस ने 5 विकेट हॉल प्राप्त किया। इसी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को हरारे में खेले गए पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में जिम्बाब्वे को 59 रन से हराकर तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

नंबर 6 पर बल्लेबाजी करने उतरे मैट रेनशॉ ने 94 गेंदों में 109 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कूपर कोनोली ने 51 रनों का योगदान दिया। दोनों की शानदार पारियों से ऑस्ट्रेलिया ने 12 साल बाद जिम्बाब्वे में अपना पहला एकदिवसीय मुकाबला खेलते हुए आठ विकेट पर 294 रन बनाए। हालांकि, आधी टीम 179 रन पर ही पवेलियन लौट गई थी, लेकिन रेनशॉ और कोनोली के दम पर ऑस्ट्रेलिया की टीम 300 के करीब पहुंचने में सफल हुई। इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 45.1 ओवर में 235 रन पर ऑल आउट हो गई।

नाथन एलिस ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 9.1 ओवर में 31 रन देकर पांच विकेट लिए और टीम की जीत में अहम योगदान दिया। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट चटकाए और फिर दोबारा गेंदबाजी में वापसी करते हुए जिम्बाब्वे के शीर्ष स्कोरर क्रेग इर्विन (59) को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की जीत की राह आसान की। कप्तान सिकंदर रजा ने 76 गेंदों में 57 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन 36वें ओवर में स्पेंसर जॉनसन की सटीक यॉर्कर पर बोल्ड होने के बाद जिम्बाब्वे की जीत की उम्मीदें समाप्त हो गईं।

इर्विन और रजा ने 104 गेंद में 98 रन की साझेदारी कर मेजबान टीम की उम्मीदें जगाईं थीं, इस जोड़ी के टूटने के साथ टीम की उम्मीदें भी टूट गईं। शुरुआत बहुत ही ज्यादा खराब मेजबानों के लिए रही थी, क्योंकि 1 रन पर पहला विकेट गिरा था और 62 रन पर 4 विकेट टीम ने खो दिए थे। इससे के बाद टीम थोड़ा संभली, लेकिन आखिर में फिर से लड़खड़ा हो गई। इस मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच मैट रेनशॉ रहे, जिन्होंने शतकीय पारी पहली बार वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट मैच में खेली। सीरीज का दूसरा मुकाबला हरारे में ही 18 सितंबर को खेला जाएगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली तो सीरीज भी कंगारू टीम जीत जाएगी।

Leave a Comment