इंदौरः युधवीर सिंह की शानदार पारी के दम पर जम्मू कश्मीर ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मुकाबले में बिहार को नौ रन से हराया जबकि पंजाब ने तमिलनाडु पर पांच रन से जीत दर्ज की ।
युधवीर ने नौ गेंद में चार चौकों की मदद से नाबाद 36 रन बनाये । जम्मू कश्मीर ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर छह विकेट पर 190 रन का स्कोर खड़ा किया। अब्दुल समद ने 26 गेंद में 42 रन बनाये। कवलप्रीत सिंह (33) और कप्तान शुभम खजूरिया (27) ने उपयोगी पारियां खेली। बिहार की टीम आठ विकेट पर 181 रन ही बना सकी।
अल्तमीश अशरफ ने 36 गेंद में 50 और आशीष कुमार ने 27 गेंद में 46 रन बनाये। एक अन्य मैच में पंजाब ने तमिलनाडु को पांच रन से हराया । पंजाब के पांच विकेट पर 165 रन के जवाब में तमिलनाडु ने नौ विकेट पर 160 रन बनाये। पंजाब के लिये रमनदीप सिंह ने 23 गेंद में 36 और सनवीर सिंह ने 21 गेंद में 34 रन बनाये।
वहीं सुखदीप सिंह ने सात गेंद में नाबाद 20 रन बनाये । तमिलनाडु के लिये मनिमारन सिद्धार्थ ने तीन और आर राजकुमार ने दो विकेट चटकाये । जवाब में तमिलनाडु के बल्लेबाजों ने अच्छी शुरूआत की और बालासुब्रमण्यम सचिन ने 42 गेंद में 70 रन की पारी खेली ।
मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाज हालांकि अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके । पंजाब के लिये कार्तिक चड्ढा ने तीन जबकि सुखदीप और कृष भगत ने दो दो विकेट लिये । एक अन्य मैच में सौराष्ट्र ने दिल्ली को पांच विकेट से हराया । दिल्ली ने नौ विकेट पर 152 रन बनाये और यह लक्ष्य सौराष्ट्र ने दो ओवर बाकी रहते हासिल कर लिया ।