IND A vs NEP: सिर्फ 1 रन पर छूटा कैच, फिर तिलक वर्मा ने नहीं छोड़ा, कप्तान बनते ही ठोका जोरदार शतक

इंडिया ए की कप्तानी मिलते ही तिलक वर्मा ने पहले मैच में एक बेहतरीन शतक जमा दिया. राइजिंग स्टार एशिया कप 2026 में तिलक वर्मा ने मुश्किल हालातों में एक जबरदस्त पारी खेली और ये शतक ठोक दिया.

नेपाल के खिलाफ ग्रुप स्टेज के मैच में इंडिया ए पहले बल्लेबाजी कर रही थी. मगर जहां नजरें अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे बल्लेबाजों पर थी, वहीं जलवा बिखेरा तिलक वर्मा ने. इंडिया ए ने 50 रन से पहले ही 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद तिलक ने ये कप्तानी पारी खेली और शतक जमाया. उनके अलावा कुमार कुशाग्र ने भी सेंचुरी जड़ी.

कतर में चल रहे राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के पहले मैच में तिलक वर्मा ने ये जबरदस्त शतकीय पारी खेली. नेपाल के खिलाफ इंडिया ए पहले बैटिंग कर रही थी. हर किसी को उम्मीद थी कि वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी ही नेपाली गेंदबाजों की धुनाई कर देगी. मगर शुरुआती 10 ओवर की कहानी बिल्कुल अलग रही, जहां अभिषेक, वैभव और आयुष बडोनी सिर्फ 42 रन तक पवेलियन लौट गए थे.

पहले टीम को संभाला, फिर ठोका शतक

ऐसे में कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला, जहां उन्हें साथ मिला युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र का. हालांकि, पारी की शुरुआत में ही तिलक को जीवनदान मिल गया, जब 1 रन पर उनका कैच छूट गया था. इसके बाद तिलक क्रीज पर जम गए. हालांकि शुरुआत में वो काफी धीमी बल्लेबाजी करते दिखे और एक वक्त पर उनके 53 गेंदों में सिर्फ 24 ही रन थे.

इस दौरान कुमार कुशाग्र जरूर रनों की रफ्तार बढ़ा रहे थे. मगर नजरें जमने के बाद तिलक ने भी रफ्तार बढ़ाई और 77 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद तो उन्होंने काफी चौके-छक्के जमाए और 107 गेंदों में अपना शतक भी पूरा कर लिया. ये लिस्ट A क्रिकेट में उनका 7वां शतक था. तिलक आखिरकार 107 रन की पारी खेलकर आउट हुए लेकिन तब तक इंडिया ए का स्कोर 283 रन तक पहुंच गया था.

कुशाग्र ने भी ठोका शतक

इससे पहले युवा बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने एक जबरदस्त शतकीय पारी खेली. उन्होंने सिर्फ 93 गेंदों में शतक पूरा किया और 117 रन बनाकर आउट हुए. कुशाग्र ने अपनी पारी में 10 चौके और 5 छक्के जमाए. सबसे खास बात ये थी कि उन्होंने कप्तान तिलक वर्मा के साथ मिलकर 206 रन की साझेदारी की, जिसने इंडिया ए की पारी को संभाला.

Leave a Comment