श्रेयस एक साल में इतने T20I मैच हारने वाले पहले भारतीय कप्तान बने, SENA के शर्मनाक क्लब में रोहित छूटे पीछे

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड में पांच मैचों की टी20 सीरीज 3-2 से अपने नाम की। भारत ने शुरुआती तीन मैच जीतने के बाद लगातार दो हार का सामना किया। न्यूजीलैंड ने रविवार को हैमिल्टन में आयोजित आखिरी टी20 में भारत को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी।

भारत ने ईशान किशन (61) और अय्यर (50) की फिफ्टी के दम पर 192 रनों का टारगेट दिया, जिसे न्यूजीलैंड ने 18 ओवर में आसानी से चेज कर लिया। हैमिल्टन में हारते ही अय्यर की कप्तानी पर एक बड़ा ‘कलंक’ लग गया। वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक साल में 10 मैच हारने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। उन्हें जून 2026 में सूर्यकुमार यादव की जगह भारतीय टी20 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था। 31 वर्षीय अय्यर ने अब तक 26 T20I मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से 10 गंवाए और 14 जीते। दो मैच बेनतीजा रहा।

SENA के शर्मनाक क्लब में रोहित शर्मा को पछाड़ा

क्रिकेट में साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया को SENA देश कहा जाता है। श्रेयस अय्यर ने एक शर्मनाक क्लब में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। वह SENA देशों में सबसे ज्यादा T20I मैच हारने वाले भारतीय कप्तानों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड में दो जबकि इंग्लैंड में चार टी20 मैचों में हार झेली है। उन्होंने SENA में सिर्फ 9 मैचों में कप्तानी की है। रोहित ने SENA में 14 T20I मैचों में टीम का नेतृत्व करने के बाद पांच बार हार का सामना किया। इस लिस्ट में एमएस धोनी शीर्ष पर हैं। उनकी अगुवाई में भारत ने SENA देशों में कुल 23 टी20 मैच खेल और टीम को 11 मर्तबा शिकस्त मिली।

एक साल में सबसे ज्यादा T20I मैच हारने वाले भारतीय कप्तान

10 (26 मैच) – श्रेयस अय्यर (2026)

8 (29 मैच) – रोहित शर्मा (2022)

6 (10 मैच) – एमएस धोनी (2009)

6 (14 मैच) – एमएस धोनी (2012)

5 (21 मैच) – एमएस धोनी (2016)

5 (11 मैच) – हार्दिक पांड्या (2023)

SENA में सबसे ज्यादा T20I मैच हारने वाले भारतीय कप्तान

11 – एमएस धोनी (23 मैच)

6 – श्रेयस अय्यर (9 मैच)

5 – रोहित शर्मा (14 मैच)

4 – विराट कोहली (14 मैच)

3 – सूर्यकुमार यादव (9 मैच)

हैमिल्टन में हार के बाद क्या बोले अय्यर?

श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड सीरीज में अलग-अलग परिस्थितियों में टीम के प्रदर्शन से संतुष्ट हैं लेकिन उन्होंने कहा कि आगे गेंदबाजी और फील्डिंग में सुधार करने की जरूरत है। उन्होंने हैमिल्टन में हार के बाद कहा, ”हम गेंदबाजी तथा फील्डिंग में और बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे। हमारी फील्डिंग थोड़ी ढीला रही लेकिन यह सीखने का शानदार अनुभव था। विदेश में आकर, न्यूजीलैंड में अलग-अलग परिस्थितियों और मैदानों पर खेलने से हमें काफी कुछ सीखने को मिला। यह हमारे लिए सीखने का शानदार अवसर रहा।”

Leave a Comment