श्रीलंका को मिली नई कप्तान, इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी में हर्षिता समरविक्रमा संभालेंगी टीम की कमान

श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय तक टीम की कमान संभालने वाली चमारी अट्टापट्टू को   के लिए आराम दिया गया है। उनकी गैरमौजूदगी में हर्षिता समरविक्रमा को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि काविशा दिलहारी उपकप्तान होंगी।

श्रीलंका ने इस टूर्नामेंट के लिए 14 सदस्यीय टीम चुनी है, जिसमें युवा खिलाड़ियों को खास तवज्जो दी गई है। टीम का औसत उम्र महज 21 साल है, जो बताता है कि श्रीलंका अब भविष्य की टीम तैयार करने पर भी ध्यान दे रहा है।

नेपाल में 12 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाली इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी में श्रीलंका की टीम एक नए नेतृत्व के साथ मैदान पर उतरेगी। अट्टापट्टू के अलावा एशियन गेम्स में खेलने वाली टीम की कई अन्य खिलाड़ियों को भी इस बार जगह नहीं मिली है। इनमें हंसिमा करुणारत्ने, अनुष्का संजीवनी, निमाशा मीपागे, काव्या कविंदी और मिथाली अयोध्या शामिल हैं। वहीं, सत्य संदीपनी, रश्मिका सेव्वंडी, मल्की मदारा और चेतना विमुक्ति को टीम में शामिल किया गया है।

स्क्वाड में 30 साल से ज्यादा उम्र की 3 खिलाड़ी

श्रीलंका की इस टीम में अनुभव और युवा जोश का कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा। 14 सदस्यीय टीम में 30 साल से अधिक उम्र की केवल 3 खिलाड़ी हैं। इनमें 37 साल की निलाक्षिका सिल्वा, 35 साल की सुगंधिका कुमारी और 31 साल की हसिनी परेरा शामिल हैं। बाकी खिलाड़ियों की उम्र 30 साल से कम है। खास बात यह है कि टीम में दो खिलाड़ी ऐसी भी हैं, जिनकी उम्र महज 17 साल है। इनमें संजना कविंदी और चमुदी प्रबोदा शामिल हैं।

चमारी अट्टापट्टूकी गैरमौजूदगी में बल्लेबाजी की अगुवाई कप्तान हर्षिता समरविक्रमा करेंगी। उनके अलावा संजना कविंदी पर भी नजरें रहेंगी, जिन्होंने हाल के दिनों में श्रीलंका की अंडर-19 टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपनी पिछली चार T20I पारियों में तीन बार 50 से ज्यादा रन बनाए हैं। बल्लेबाजी विभाग में इमेशा दुलानी, विश्मी गुणरत्ने, काविशा दिलहारी, हसिनी परेरा, निलाक्षिका सिल्वा, कौशिनी नुथ्यांगना और सत्य संदीपनी भी शामिल हैं।

गेंदबाजी में युवा तेज गेंदबाजों पर भरोसा

श्रीलंका ने अपनी टीम में तीन स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाजों को जगह दी है। इनमें मल्की मदारा, चेतना विमुक्ति और रश्मिका सेव्वंडी शामिल हैं। वहीं, स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी सुगंधिका कुमारी और चमुदी प्रबोदा संभालेंगी। उपकप्तान काविशा दिलहारी भी अपनी ऑफ स्पिन से टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं।

इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी के लिए श्रीलंका की टीम: हर्षिता समरविक्रमा (कप्तान), काविशा दिलहारी (उपकप्तान), संजना कविंदी, इमेशा दुलानी, हसिनी परेरा, विश्मी गुणरत्ने, निलाक्षिका सिल्वा, कौशिनी नुथ्यांगना, सत्य संदीपनी, रश्मिका सेव्वंडी, सुगंधिका कुमारी, चमुदी प्रबोदा, मल्की मदारा और चेतना विमुक्ति।

Leave a Comment