रोस्टन चेज ने कप्तान शेप होप की तारीफों के बांधे पुल, कहा- लोग उनको कम करके आंकते हैं

वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर रोस्टन चेज़ का मानना ​​है कि सीमित ओवरों की क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उनके कप्तान शाई होप को कम करके आंका जाता है। होप ने वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपनी पिछली चार पारियों में तीन शतक बनाकर आईपीएल की दिसंबर में होने वाली मिनी नीलामी के लिए अपना दावा मजबूत कर दिया है।

उन्होंने रांची में दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नाबाद 102 रन बनाए थे, जिससे वेस्टइंडीज 250 रन का लक्ष्य हासिल करने में सफल रहा था।

यही उसकी पहचान है

चेज ने वेस्टइंडीज की जीत के बाद संवाददाताओं से कहा, ”मुझे लगता है कि लोग शाई होप को बहुत कम करके आंकते हैं।” उन्होंने कहा, ”वह एक ऐसा खिलाड़ी है जो पूरी तरह से अपना ध्यान अपने काम पर केंद्रित कर सकता है। मुझे लगता है कि यही उसकी खास खूबी है क्योंकि जब सब कुछ गलत होता दिख रहा होता है, तब भी वह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता है और टीम के लिए खेलता है। मुझे लगता है कि यही उसकी पहचान है।”

आंकड़ों और रिकॉर्ड को कम करके आंकते हैं

चेज ने कहा, ”वह महान खिलाड़ी है। लंबी अवधि के प्रारूप में भले ही उसका रिकॉर्ड उतना अच्छा नहीं है लेकिन जहां तक टी20 क्रिकेट की बात है तो मुझे लगता है कि लोग उसके आंकड़ों और रिकॉर्ड को कम करके आंकते हैं।” उन्होंने का ”हर कोई जानता है कि वह 50 ओवर की क्रिकेट में कितना अच्छा प्रदर्शन करता है, लेकिन इसके बावजूद लोग कभी-कभी उसे उतना श्रेय नहीं देते जितना उसे मिलना चाहिए। वह एक पेशेवर क्रिकेटर है और जब भी वह अच्छा प्रदर्शन करता है तो मुझे अच्छा लगता है।”

भारतीय कोच गौतम गंभीर ने कहा कि वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को जीत का श्रेय जाता है। उन्होंने कहा, ”वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों विशेषकर शाई होप (नाबाद 102) और शेरफेन रदरफोर्ड (84) को श्रेय जाता है। हम जानते हैं कि इस प्रारूप में वे विश्वस्तरीय बल्लेबाज हैं। हमारे लिए यह मुश्किल था, लेकिन हम सुधार करते रहेंगे।”

कप्तान शाइ होप के नाबाद 102 रन की मदद से वेस्टइंडीज ने दूसरे टी20 मैच में शुक्रवार को जीत के लिये रिकॉर्ड 250 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1 -1 से बराबर कर ली। भारत के पांच विकेट पर 249 रन के जवाब में वेस्टइंडीज के लिये होप ने 45 गेंद में छह चौकों और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 102 रन बनाये । वहीं शेरफान रदरफोर्ड ने 37 गेंद में 84 रन बनाये जिसमें सात चौके और सात छक्के शामिल थे ।इन दोनों पारियों की मदद से वेस्टइंडीज ने 18 . 3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत ने पहला मैच लखनऊ में आठ विकेट से जीता था ।

Leave a Comment