वेलिंगटन: भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड की धरती पर एक बार फिर अपना दबदबा दिखाया है। टीम इंडिया ने वनडे सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सात साल पुराना इतिहास दोहरा दिया है।
न्यूजीलैंड को उसके घर में लगातार दो वनडे मैचों में हराना आसान नहीं है। इससे पहले भारतीय टीम ने जनवरी 2019 में ऐसा किया था। इसके बाद कोई भी दूसरी टीम यह कारनामा नहीं कर सकी। अब सात साल बाद एक बार फिर भारत ने कीवी टीम को उसी के घर में लगातार दो मुकाबलों में मात दी है।
साल 2019 में भारतीय टीम विराट कोहली की कप्तानी में न्यूजीलैंड दौरे पर गई थी। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली गई थी। सीरीज का पहला मुकाबला 23 जनवरी को नेपियर में हुआ था। न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 38 ओवर में 157 रन पर ऑलआउट हो गई थी। कुलदीप यादव ने 4 विकेट लेकर कीवी बल्लेबाजी को झकझोर दिया था। जवाब में भारत ने डकवर्थ-लुईस नियम के तहत 34.5 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था। शिखर धवन ने नाबाद 75 रन बनाए थे और भारत ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी।
2-0 से आगे था भारत
26 जनवरी को माउंट माउंगानुई में दूसरा वनडे खेला गया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा के 87 और शिखर धवन के 66 रनों की मदद से 50 ओवर में 4 विकेट पर 324 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 40.2 ओवर में 234 रन पर सिमट गई। कुलदीप यादव ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। भारत ने यह मुकाबला 90 रन से जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली थी। अंत में टीम इंडिया ने सीरीज 4-1 के अंतर से अपने नाम की थी।
2019 के बाद न्यूजीलैंड ने घर में नहीं गंवाई थी कोई द्विपक्षीय वनडे सीरीज
भारत के खिलाफ 2019 में मिली हार के बाद न्यूजीलैंड ने अपने घरेलू मैदान पर वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने अलग-अलग देशों के खिलाफ कई सीरीज खेलीं, लेकिन उसे कोई सीरीज गंवानी नहीं पड़ी। भारत के खिलाफ 2019 की हार के बाद से मौजूदा सीरीज से पहले न्यूजीलैंड ने घर में 11 द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेली थीं। इस दौरान कोई भी टीम न्यूजीलैंड को हरा नहीं पाई। अब भारत ने लगातार दो जीत के साथ एक बार फिर उसके घरेलू रिकॉर्ड को चुनौती दी है।
2019 से 2026 के बीच न्यूजीलैंड में खेली गईं 11 वनडे सीरीज
| साल | मेहमान टीम | सीरीज का नतीजा |
|---|---|---|
| 2019 | बांग्लादेश | न्यूजीलैंड 3-0 से जीता |
| 2020 | भारत | न्यूजीलैंड 3-0 से जीता |
| 2021 | बांग्लादेश | न्यूजीलैंड 3-0 से जीता |
| 2022 | नीदरलैंड | न्यूजीलैंड 3-0 से जीता |
| 2022 | भारत | न्यूजीलैंड 1-0 से जीता |
| 2023 | श्रीलंका | न्यूजीलैंड 2-0 से जीता |
| 2023 | बांग्लादेश | न्यूजीलैंड 2-1 से जीता |
| 2025 | श्रीलंका | न्यूजीलैंड 2-1 से जीता |
| 2025 | पाकिस्तान | न्यूजीलैंड 3-0 से जीता |
| 2025 | इंग्लैंड | न्यूजीलैंड 3-0 से जीता |
| 2025 | वेस्टइंडीज | न्यूजीलैंड 3-0 से जीता |
भारत के सामने फिर लड़खड़ाई न्यूजीलैंड की टीम
सात साल बाद भारत ने एक बार फिर न्यूजीलैंड के घरेलू मैदान पर लगातार दो वनडे जीतकर अपनी ताकत दिखाई है। पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम 185 रन पर ऑलआउट हुई थी, जबकि दूसरे मैच में उसकी पारी महज 134 रन पर सिमट गई। दूसरे वनडे में यह न्यूजीलैंड का भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर सबसे कम वनडे स्कोर भी रहा। भारतीय तेज गेंदबाजों ने दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। खास बात यह है कि मोहम्मद सिराज जैसे अनुभवी गेंदबाज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल रही, इसके बावजूद युवा गेंदबाजों ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई है। अब भारत की नजर तीसरा वनडे जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर होगी।