ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI सीरीज से पहले इंग्लैंड के लिए बुरी खबर, स्टार तेज गेंदबाज हुआ बाहर

AUS vs ENG: ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज का आगाज 13 नवंबर से होगा, लेकिन इस सीरीज से ठीक पहले इंग्लैंड की टीम को एक बड़ा झटका लगा है. टीम के मुख्य तेज गेंदबाज जोश टंग चोटिल होने की वजह से इस पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं.

उनके बाएं पैर के अंगूठे में गंभीर चोट लगी है, जिसके बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर उन्हें स्क्वाड से रिलीज किए जाने की पुष्टि कर दी है. 28 वर्षीय तेज गेंदबाज जोश टंग अब अपनी इस चोट के आगे के इलाज मेडिकल टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरा बीच में ही छोड़कर वापस देश लौटेंगे.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए जोश टंग

जोश टंग को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड के स्क्वाड में शामिल नहीं किया गया था. इंग्लिश टीम मैनेजमेंट ने उनके वर्कलोड को मैनेज करने के लिए सिर्फ तीन मैचों की वनडे सीरीज की टीम में जगह दी थी, लेकिन टंग अब चोट के कारण आगामी वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए हैं. फिलहाल, इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने उनकी जगह टीम में शामिल होने वाले किसी भी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के नाम का ऐलान नहीं किया है.

 

 

हाल में पाकिस्तान में खेला था वनडे मैच

पाकिस्तान में हाल ही में खेली गई वनडे ट्राई सीरीज में जोश टंग इंग्लिश टीम के स्क्वाड का अहम हिस्सा थे. हालांकि, उस दौरे पर उन्हें सिर्फ एक ही मैच में खेलने का मौका मिला था. रावलपिंडी के मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ खेले गए उस मुकाबले में वह काफी महंगे साबित हुए थे 79 रन लुटा दिए थे, लेकिन 3 अहम विकेट भी चटकाए थे. उस मैच में इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए 429 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसे श्रीलंका ने कमाल की बल्लेबाजी के दम पर हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी.

इस सीमित ओवरों की सीरीज से पहले जोश टंग ने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी अपनी गेंदबाजी का जलवा बिखेरा था. उन्होंने 3 टेस्ट मैचों की सीरीज में कुल 19 विकेट लेकर तहलका मचाया था. उनके इसी शानदार फॉर्म को देखते हुए बाद में उन्हें श्रीलंका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के लिए भी टीम में चुना गया, जिसमें उन्होंने 2 मुकाबले खेले थे.

 

 

13 नवंबर से सजेगा वनडे का रोमांच

इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज का आगाज 13 नवंबर से होगा, जिसका पहला मैच पर्थ के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा. जोश टंग जैसे इन-फॉर्म तेज गेंदबाज के अचानक बाहर हो जाने से इंग्लिश टीम मैनेजमेंट को अब अपनी बॉलिंग कॉम्बिनेशन रणनीति में नए सिरे से फेरबदल करने पर मजबूर होना पड़ेगा. राहत की बात यह है कि मेहमान टीम ने अभी तक टंग की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल करने की जल्दबाजी नहीं दिखाई है.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, सॉनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जॉर्डन कॉक्स, हेनरी क्रोकोम्ब, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद जो रूट.

Leave a Comment