India Australia Umpire Exchange: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने संबंधों को मजबूत बनाने के लिए नया कदम उठाया है. अब दोनों टीमों के बीच अंपायरों की अदला-बदली की जाएगी.
इसके तहत दोनों देशों के अंपायर एक-दूसरे के देश में जाकर घरेलू क्रिकेट में अंपायरिंग करेंगे. इसे आदान-प्रदान कार्यक्रम (Exchange Program) नाम दिया गया है. है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और BCCI के बीच एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत, ऑस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोर भारत में रणजी ट्रॉफी के 2 मैचों में अंपायरिंग करेंगे. वहीं, भारतीय अंपायर पराशर जोशी ऑस्ट्रेलिया में जाकर शेफील्ड शील्ड के 2 मैचों और वन डे कप के 1 मैच में अंपायरिंग करेंगे.
कैसे होगी अंपायर्स की अदला-बदली?
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की एक प्रेस रिलीज के अनुसार, बेन ट्रेलोर 18 से 21 अक्टूबर तक दिल्ली में होने वाले दिल्ली और गुजरात के रणजी ट्रॉफी मैच में अंपायरिंग करेंगे. इसके बाद वो 26 से 29 अक्टूबर तक मुंबई में होने वाले मुंबई बनाम हरियाणा के मुकाबले में भी अंपायरिंग करेंगे. ये दोनों क्रिकेट बोर्ड की ओर से की गई अच्छी पहल है. एक तरफ ऑस्ट्रेलिया की ज्यादा उछाल वाली पिचों पर जजमेंट देना है, तो वहीं दूसरी ओर भारत की स्पिन फ्रेंडली पट्टी ऑस्ट्रेलियाई अंपायर के लिए बड़ा चैलेंज होगा.
कौन हैं बेन ट्रेलोर?
ऑस्ट्रेलिया के बेन ट्रेलोर के पास अंपायरिंग का काफी अनुभव है. उन्होंने 30 फर्स्ट-क्लास मैच, 20 लिस्ट-ए मैच और 39 बिग बैश लीग मैच में अंपायरिंग की है. इसके अलावा, उन्होंने 2 महिला वनडे इंटरनेशनल और 4 महिला टी20 इंटरनेशनल मैचों में भी अंपायरिंग की है. इतना ही नहीं, मैदान के बाहर, बेन ट्रेलोर ‘क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स’ में अंपायर एजुकेशन ऑफिसर के तौर पर भी काम करते हैं. वहां वे मैच अधिकारियों की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करते हैं.
कौन हैं भारतीय अंपायर पराशर जोशी?
पराशर जोशी साल 2015 से BCCI के अंपायर पैनल का हिस्सा हैं. उन्होंने भारतीय घरेलू रेड-बॉल और व्हाइट-बॉल टूर्नामेंटों में अंपायर के तौर पर काफी काम किया है. पराशर जोशी ने प्रोफेशनल अंपायरिंग करियर की शुरुआत करने से पहले साल 2008 में ‘इंडियन आइडल 4’ के पियानो राउंड तक पहुंचकर काफी सुर्खियां बटोरी थीं. अपने करियर में उन्होंने 9 फर्स्ट-क्लास मैच, 24 लिस्ट-A मैच और 30 T20 मैच में अंपायरिंग की है.