न्यूजीलैंड दौरे से पहले फिट होंगे आकाश दीप? टेस्ट टीम में मिल सकती है जगह, रिपोर्ट में दावा

भारत के तेज गेंदबाज आकाशदीप इन दिनों चोट से उबर रहे हैं और उम्मीद है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले वह पूरी तरह फिट हो जाएंगे. फिटनेस हासिल करने पर उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया जा सकता है.

भारत को न्यूजीलैंड दौरे पर 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलने हैं. आकाश दीप ने 23 फरवरी 2024 को रांची में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और अब तक 10 टेस्ट खेल चुके हैं.

एक रिपोर्ट के मुताबिक, आकाश दीप फिलहाल BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं. उन्होंने फरवरी 2026 के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी मुकाबला नहीं खेला है. हालांकि, उनकी गेंदबाजी में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की जा रही है. वह फिलहाल लाल गेंद से एक दिन में करीब 15 ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं. इससे संकेत मिल रहे हैं कि वह वापसी की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.

इंग्लैंड दौरे पर दिखाया था दमदार प्रदर्शन
आकाश दीप ने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में शानदार गेंदबाजी की थी. उन्होंने तीन मैचों में कुल 13 विकेट हासिल किए थे. इसमें एजबेस्टन टेस्ट में 10 विकेट लेने का प्रदर्शन भी शामिल था. वह इंग्लैंड में एक टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने थे. इसी प्रदर्शन के कारण टीम मैनेजमेंट को न्यूजीलैंड के खिलाफ भी उनसे काफी उम्मीदें हैं.

इरानी कप से हो सकती है वापसी
आकाश दीप को 2026 के ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम में भी चुना गया है, जिसमें उसका मुकाबला जम्मू-कश्मीर से होना है. यह मैच 1 अक्टूबर से शुरू होगा, लेकिन आकाश दीप की इसमें भागीदारी उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी. भारत के लिए 10 टेस्ट में उन्होंने 18 पारियों में 28 विकेट लिए हैं. न्यूजीलैंड के 2024 दौरे में उन्होंने दो टेस्ट खेले थे और दो विकेट लिए थे. गेंदबाजी के अलावा वह बल्लेबाजी में भी योगदान दे सकते हैं. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट की दूसरी पारी में नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए 66 रन बनाए थे.

Leave a Comment