भारतीय क्रिकेट टीम के दो बड़े खिलाड़ियों को मैदान पर देखने का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले वापसी की तैयारी में जुटे हैं.
दोनों खिलाड़ी न्यूजीलैंड ए के खिलाफ भारत ए की तरफ से तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में खेल सकते हैं. ये मुकाबला 7 नवंबर से शुरू होगा. लेकिन, पंत की वापसी उनकी फिटनेस और मेडिकल टीम की मंजूरी पर निर्भर करेगी.
भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच तीसरा चार दिवसीय अनौपचारिक टेस्ट 7 से 10 नवंबर तक लिंकन में खेला जाएगा. बुमराह इस मुकाबले में उतर सकते हैं, जबकि पंत को भी टीम में शामिल किया गया है. इस मैच के जरिए दोनों खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय टेस्ट सीरीज से पहले अपनी मैच फिटनेस परखने का मौका मिल सकता है.
बेंगलुरु में अभ्यास कर रहे हैं दोनों खिलाड़ी
जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अभ्यास कर रहे हैं. बुमराह यहां वापसी से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं. उनके 1 नवंबर को न्यूजीलैंड के लिए रवाना होने की उम्मीद है. वहीं, पंत भी चोट से उबरने के बाद धीरे-धीरे अभ्यास शुरू कर चुके हैं.
चोट के वजह से बाहर थे ऋषभ पंत
ऋषभ पंत को अक्टूबर के पहले सप्ताह में ईरानी कप के दौरान साइड स्ट्रेन की चोट लगी थी. इस वजह से वो दिल्ली के रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले और न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले दो अनौपचारिक टेस्ट में नहीं खेल सके. उन्होंने हल्की बल्लेबाजी का अभ्यास शुरू कर दिया है, लेकिन अभी विकेटकीपिंग का अभ्यास शुरू नहीं किया है. ऐसे में उनके खेलने पर मेडिकल टीम की मंजूरी के बाद ही फैसला होगा.
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज पर नजर
भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है. पहला मुकाबला 19 नवंबर से वेलिंगटन में होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा. ऐसे में तीसरा अनौपचारिक टेस्ट बुमराह और पंत के लिए बड़ी सीरीज से पहले अपनी तैयारी जांचने का अहम मौका बन सकता है.