श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने विमेंस एशिया कप 2026 में उस समय गदर काटा, जब उन्होंने इंडोनेशिया के खिलाफ एक-एक करके 7 विकेट चटकाए। इस 7 विकेट हॉल में एक हैट्रिक भी शामिल है।
वह श्रीलंका की विमेंस टीम की ओर से 5 से ज्यादा विकेट लेने वाली पहली बॉलर बनीं हैं, साथ ही वह विमेंस टी20 क्रिकेट में भी हैट्रिक चटकाने वाली श्रीलंका की पहली बॉलर हैं। हालांकि 7 विकेट लेकर भी अटापट्टू विमेंस टी20 क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम नहीं कर पाईं। बता दें, यह रिकॉर्ड एक पारी में 9 विकेट लेने का है।
विमेंस टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड
विमेंस टी20 क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड ब्राजील की लौरा कार्डोसो के नाम है, जिन्होंने 2026 में ही मात्र 4 रन खर्च कर 9 विकेट चटकाए थे। मेंस क्रिकेट में भी आज तक कोई गेंदबाज एक पारी में इतने विकेट नहीं चटका पाया है। मेंस क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने का रिकॉर्ड भूटान के सोनम येशे के नाम है, जिन्होंने 2025 में 8 विकेट चटकाए थे।
चमारी अटापट्टू टॉप-5 में
विमेंस टी20 क्रिकेट में टॉप-5 बेस्ट फिगर की लिस्ट में श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू पांचवें पायदान पर पहुंच गईं हैं। इंडोनेशिया के खिलाफ उन्होंने 3.3 ओवर में मात्र 5 रन खर्च कर 7 विकेट चटकाए। उनसे पहले तीन और बॉलर एक पारी में 7 विकेट चटका चुकी हैं। एक बॉलर ने तो बिना कोई रन दिए 7 विकेट चटकाए थे।
124 रन बनाकर भी 75 रन से जीता श्रीलंका
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी श्रीलंकाई टीम की बैटर्स ने बुरी तरह निराश किया। कप्तान चमारी अटापट्टू जो श्रीलंकाई बैटिंग यूनिट की जान मानी जाती है वह 9 रन बनाकर आउट हो गईं। देखते ही देखते 10 ओवर के अंदर 45 के स्कोर पर श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन में थी। नंबर-6 पर उतरी नीलक्षिका सिल्वा की 35 गेंदों पर 50 रनों की पारी के दम पर श्रीलंका 124 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। उन्होंने इस पारी में 3 चौके और 1 छक्का भी लगाया।
125 के टारगेट का पीछा करने उतरी इंडोनेशिया की टीम 49 रनों पर ही सिमट गई। चमारी अटापट्टू ने पारी के चौथे ओवर में पहला विकेट चटकाया, इसके बाद वह नहीं रुकी। उन्होंने 3.3 ओवर में मात्र 5 रन खर्च कर 7 विकेट चटकाए, जिसमें एक हैट्रिक भी शामिल है। उन्हें इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला, जिसे उन्होंने नीलक्षिका सिल्वा के साथ शेयर किया।