इंदौर में एआई के पहरे में 11 अक्टूबर को होगा भारत और वेस्टइंडीज टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच

प्रणय चौहान, नईदुनिया, इंदौर : भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर को इंदौर में होने वाला अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच की सुरक्षा पहली बार एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के हवाले रहेगी।

मध्यप्रदेश पुलिस ने आधुनिक तकनीक की मदद लेते हुए चेहरे की पहचान करने वाले कैमरों के साथ ही ड्रोन की भी तैनाती की है। इसके अलावा स्टेडियम से लेकर एयरपोर्ट और खिलाड़ियों के होटलों तक सुरक्षा का घेरा इतना पुख्ता रहेगा कि इंदौर और आसपास के जिलों से 1200 जवान हर हरकत पर नजर रखेंगे।

खिलाड़ियों के चारों ओर सुरक्षा का सख्त पहरा रहेगा

शहर में होने वाले अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच के लिए भारत और वेस्टइंडीज की टीमें शनिवार को दोपहर करीब दोपहर ढाई बजे चार्टर्ड विमान से आएंगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सतर्कता इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि इसी साल की शुरुआत में महिला विश्व कप के दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी से छेड़छाड़ की घटना ने शहर की छवि खराब की थी। अब खिलाड़ियों के चारों ओर सुरक्षा का सख्त पहरा रहेगा। पुलिसकर्मियों के साथ ही आधुनिक कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। इसमें लगभग 27 हजार 500 दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।

ड्रोन सर्विलांस कैमरों से भी जमीन से लेकर आसमान तक निगरानी की जाएगी

किसी भी संदिग्ध को पहचानने के लिए एआइ तकनीक से लैस 60 फेस रिकग्निशन सिस्टम वाले कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा 10 से ज्यादा ड्रोन सर्विलांस कैमरों से भी जमीन से लेकर आसमान तक निगरानी की जाएगी। होटल और स्टेडियम के प्रवेश द्वारों पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और वाक-थ्रू मेटल डिटेक्टर जैसे आधुनिक जांच मशीनों से हर व्यक्ति का परीक्षण होगा।

बम निरोधक दस्ता भी तैनात किया गया है

आपात स्थिति से निपटने के लिए बम निरोधक दस्ता भी तैनात किया गया है। शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण भी किया। सुरक्षा जांच में समय लग सकता है, आखरी समय में पहुंचने वाले दर्शकों को परेशानी हो सकती है। दर्शकों को टिकट, निर्धारित द्वार औ स्टेडियम की एंट्री गाइडलाइन पहले से देखनी होगी। मैच शुरू होने से काफी पहले पहुंचना होगा।

स्टेडियम के अंदर 160 सीसीटीवी

सुरक्षा का पहरा सिर्फ होटल या स्टेडियम के अंदर तक ही सीमित नहीं रहेगा। मैच के दिन यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 150 पुलिसकर्मी भी शामिल रहेंगे। मैच के दौरान भीड़ पर नजर रखने, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्टेडियम के अंदर मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन द्वारा 160 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। वहीं चौराहों पर भी कैमरों से निगरानी की जाएगी। स्टेडियम और संबंधित क्षेत्रों में एंटी सबोटेज जांच भी की जाएगी। स्टेडियम के अंदर से लेकर बाहर तक आवाजाही पर नजर रखी जाएगी।

दूसरे जिलों से भी बुलाया पुलिस बल

मैच की सुरक्षा के लिए इंदौर जोन-3 के पुलिस बल के अलावा अन्य जिलों से भी पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है। एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों की आवाजाही, होटलों में सुरक्षा, स्टेडियम के आसपास भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन के लिए अलग-अलग स्तर पर व्यवस्था की जाएगी। मैच शुरू होने से पहले और समाप्ति के बाद दर्शकों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखना भी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।

पुलिस प्रशासन ने कसी कमर

  • चेहरे पहचानने वाले 60 कैमरें
  • 10 से ज्यादा ड्रोन रखेंगे नजर
  • स्टेडियम के अंदर 160 सीसीटीवी कैमरे
  • 1200 पुलिसकर्मियों की तैनाती
  • 150 यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती
  • 27 हजार 500 दर्शक

इन बातों का रखना होगा ध्यान

  • टिकट साथ रखना होगा
  • निर्धारित गेट से ही प्रवेश
  • सुरक्षा जांच में करना होगा सहयोग
  • प्रतिबंधित सामग्री लेकर स्टेडियम में न जाए

आधुनिक तकनीक की मदद

इंदौर में सुरक्षा के उचित प्रबंध किए गए हैं। हम आधुनिक तकनीक की भी मदद ले रहे हैं। हमारा उद्देश्य है कि प्रशंसक मैच का आनंद उठाएं और खिलाड़ियों की सुरक्षा भी रहेगी। -अभिषेक रंजन, जोन-3 डीसीपी

Leave a Comment