रांची T20 में छक्कों की बरसात, 501 रन के मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को चौंकाया

नई दिल्ली: भारत और वेस्टइंडीज के बीच रांची में खेला गया दूसरा टी20 मुकाबला रिकॉर्ड्स की बरसात लेकर आया। जेएससीए स्टेडियम में शुक्रवार को वेस्टइंडीज ने 250 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य को 9 गेंद रहते 6 विकेट से हासिल कर लिया।

इस जीत के साथ पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है। कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड इस ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे। होप ने नाबाद 102 रन और रदरफोर्ड ने 84 रन की पारी खेली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 120 रन जोड़कर भारत के हाथ से मैच छीन लिया।

दूसरा सबसे बड़ा रनचेज

ये टी20 इंटरनेशनल इतिहास का दूसरा सबसे सफल रनचेज है। इससे पहले साउथ अफ्रीका ने 2023 में सेंचुरियन में वेस्टइंडीज के खिलाफ ही 259 रन चेज किए थे। भारत के खिलाफ ये अब तक का सबसे बड़ा चेज है और वेस्टइंडीज ने पहली बार टी20 में 250+ का टारगेट चेज किया है। इस मैच में कुल 501 रन बने, जो मेन्स टी20 इंटरनेशनल में दूसरा सबसे बड़ा एग्रीगेट है। टॉप पर 2023 में सेंचुरियन में बना 517 रन का रिकॉर्ड है।

 

 

बाउंड्रीज की तो झड़ी लग गई। मैच में कुल 79 बाउंड्री लगीं – 46 चौके और 33 छक्के। भारत ने 25 चौके और 13 छक्के लगाए, जबकि वेस्टइंडीज ने 21 चौकों के साथ 20 छक्के जड़े। टी20I इतिहास में इससे ज्यादा बाउंड्री सिर्फ दो बार लगी हैं।

शाई होप का तूफानी शतक

कप्तान शाई होप ने सिर्फ 45 गेंदों में शतक ठोक दिया। उन्होंने 6 चौके और 9 छक्कों से 102 रन बनाए। ये गेंदों के हिसाब से वेस्टइंडीज का दूसरा सबसे तेज टी20 शतक है। सबसे तेज शतक जॉनसन चार्ल्स के नाम है, जिन्होंने 39 गेंद में शतक बनाया था। होप का ये दूसरा टी20I शतक है। इसके साथ ही वह क्रिस गेल और इविन लुईस की बराबरी पर आ गए हैं, जिनके नाम भी 2-2 शतक हैं। भारत के खिलाफ सबसे तेज टी20I शतक के मामले में भी होप अब इंग्लैंड के जैकब बेथेल के साथ टॉप पर हैं।

Leave a Comment