अब मनमाने बैट से नहीं खेल पाएंगे बल्लेबाज! ICC लागू करने जा रहा IPL वाला नियम, अचानक होगी बल्ले की जांच

ICC Bat Checking Rule: पिछले कुछ सालों से इंटरनेशन क्रिकेट में बल्लेबाजों का दबदबा बढ़ता जा रहा है. खासकर टी20 फॉर्मेट में बल्लेबाज खूब छक्के लगा रहे हैं. इसके पीछे की एक बड़ी वजह पिच है, जो बल्लेबाजों के अनुकूल बनाई जा रही है.

हालांकि इसको लेकर कुछ कहा नहीं जा सकता है पिच बल्लेबाज या गेंदबाज किसको मदद करेगी. यह कंडीशन पर निर्भर करता है. वहीं, बाउंड्री की बात करें, तो क्रिकेट में आने वाले विज्ञापन से खूब पैसा रहा है, जिसके चलते इसमें बदलाव किया गया है. ऐसे में अब इटंरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) बल्लेबाजों के दबदबे को कम करने के लिए बड़ा फैसला लेने वाला है.

दरअसल, अब ICC इंटरनेशनल मैचों में भी बैट गेज से जांच करने का नियम लागू करने की तैयारी में है. अब ICC के मैच अधिकारी रैंडम तरीके से बल्ले के आकार की जांच करेंगे. क्रीज पर आने से पहले बल्लेबाज के बल्ले को गेज (बल्ले का साइज मापने वाले यंत्र) से गुजारने के लिए कहा जाएगा. यह नियम इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL में पहले ही लागू किया जा चुका है.

कितना होना चाहिए बल्ले की साइज?

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, सौरव गांगुली की अक्ष्यक्षता वाली क्रिकेट कमेटी ने ICC को यह सुझाव दिया है. हाल ही में बाली में हुई मीटिंग के दौरान मुख्य कार्यकारी समिति (CEC) ने इस प्रस्ताव को मंजूरी भी दे दी. MCC के मौजूदा नियमों के अनुसार, बल्ले के किनारों की मोटाई 1.56 इंच से ज्यादा नहीं हो सकती है. वहीं, बल्ले की गहराई 2.64 इंच और चौड़ाई 4.25 इंच तक हो सकती है.

IPL में होती है बल्ले की जांच

IPL में अंपायर मैदान पर अपने पास एक मेटल गेज रखते हैं. बल्लेबाजी के लिए जो भी खिलाड़ी मैदान पर उतरता है, तो उसके बल्ले की गेज से जांच की जाती है. हर पारी के दौरान चौथे अंपायर दोनों ओपनर्स के बल्ले की जांच करता है. अगर खिलाड़ी का बल्ला गेज के आर-पार नहीं जा पाता है, तो उस बल्ले का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है. नए बल्ले की भी इसी तरह से जांच की जाती है.

क्यों लाया गया ये नियम?

दरअसल, पिछले कुछ सालों में दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग IPL में काफी बदलाव देखा गया. हर सीजन छक्कों की संख्या बढ़ती जा रही है. पिछले सीजन की बात करें, तो हर मैच औसतम 19.27 छक्के लगे. वहीं, लीग के पहले सीजन यानी 2009 में हर मैच में लगभग 9 छक्के ही लगते थे. इसी वजह से यह नियम लाया गया, जिसमें अचानक बल्ले के साइज की जांच की जाती है.
हालांकि इससे पहले से ही IPL में मैच के एक दिन पहले बल्लों की जांच की जाती थी, लेकिन खिलाड़ी मैच के दौरान दूसरा बल्ला इस्तेमाल करते थे. ऐसे में अचानक जांच की नियम लाया गया.

Leave a Comment