नई दिल्ली: न्यूजीलैंड ए के खिलाफ खेले जा रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट मुकाबले में भारतीय टेस्ट टीम के उप-कप्तान केएल राहुल का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा। लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में खेले जा रहे इस मैच की दोनों पारियों में राहुल बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए।
ध्रुव जुरेल की कप्तानी में खेल रही इंडिया ए टीम के लिए राहुल का यह खराब फॉर्म चिंता का सबब बन गया है।
दूसरी पारी में भी नहीं आए रन
रविवार को मैच के दूसरे दिन भारत की दूसरी पारी के दौरान केएल राहुल महज 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। फ्रेजर शीट के पांचवें ओवर में राहुल एक अजीबोगरीब तरीके से हिट-विकेट होकर आउट हुए। इससे पहले शनिवार को पहली पारी में भी उनका खाता नहीं खुल सका था और वे आठ गेंदों पर शून्य पर सिमट गए थे। आगामी वनडे सीरीज में प्रतिबद्धताओं के कारण राहुल इस सीरीज के बाकी बचे दो मैचों में हिस्सा नहीं लेंगे ऐसे में इस दौरे की शुरुआत उनके लिए काफी निराशाजनक रही।
जायसवाल 5 रन पर आउट
केवल केएल राहुल ही नहीं बल्कि युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का बल्ला भी इस मुकाबले में नहीं चल सका। दूसरी पारी में भारतीय टीम को पहला झटका जायसवाल के रूप में ही लगा, जब वे साइमन कीन की गेंद पर मिचेल हे को कैच थमा बैठे। जायसवाल ने अपनी दूसरी पारी में 9 गेंदों का सामना करते हुए केवल 5 रन बनाए। इससे पहले उन्होंने पहली पारी में भी धीमी शुरुआत करते हुए 45 गेंदों पर 17 रन बनाए थे।
न्यूजीलैं ए की बड़ी लीड
दूसरी तरफ, न्यूजीलैंड ए ने अपनी पहली पारी में शानदार खेल दिखाते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया। मेजबान टीम ने 89.3 ओवरों में बल्लेबाजी करते हुए 317 रन बनाए और पहली पारी के आधार पर इंडिया ए पर 204 रनों की विशाल बढ़त हासिल कर ली। न्यूजीलैंड की ओर से सलामी बल्लेबाज रीस मारिउ ने 137 गेंदों पर 76 रनों की संयमित पारी खेली, जबकि डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने 79 गेंदों में 51 रन बनाकर पारी को मजबूती दी।
न्यूजीलैंड ए के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भी भारतीय गेंदबाजों को काफी परेशान किया। 9वें नंबर पर आए क्रिस्टियन क्लार्क ने 67 गेंदों पर 42 रनों का अहम योगदान दिया। उन्होंने निचले क्रम में डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, फ्रेजर शीट और ज़ैक गिब्सन के साथ छोटी-छोटी लेकिन महत्वपूर्ण साझेदारियां कर टीम के स्कोर को 300 के पार पहुंचाया।