भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में रविवार को पूर्व भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने मिलकर इतिहास रच दिया। इन दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 153 रनों की साझेदारी की।
पांचवें या उससे नीचे के के विकेट के लिए भारतीय महिला वनडे में इतनी बड़ी साझेदारी पहली बार हुई है। पहली बार 150 से अधिक की साझेदारी पांचवें या उससे नीचे के विकेट के लिए भारतीय महिला वनडे क्रिकेट में हुई है। इससे पहले पांचवें या उससे नीचे के विकेट के लिए भारतीय महिला टीम द्वारा की गई सबसे बड़ी साझेदारी 122 रनों की थी जो साल 2022 में स्नेहा राणा औकर पूजा वस्त्राकर ने पाकिस्तान के खिलाफ की थी। अब उस 122 रनों की साझेदारी के रिकॉर्ड को दीप्ति शर्मा और हरमनप्रीत कौर ने पीछे छोड़ दिया है।
वडोदरा के बीसीए स्टेडियम कोटंबी में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, उनका यह फैसला शुरुआत में गलत साबित होता हुआ दिखा जब 19 रनों के स्कोर पर दो बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। उसके बाद बल्लेबाजी करने आईं हरमप्रीत कौर ने पहले तो सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल के साथ मिलकर 124 (118) रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी में प्रतिका ने 54 और हरमन ने 64 रन बनाए। 143 के स्कोर पर प्रतिका के आउट होने के बाद 148 पर तेजल हसबनीस भी पवेलियन लौट गईं। हालांकि, इसके बाद दीप्ति शर्मा और कप्तान कौर ने मोर्चा संभाला और 23.3 ओवर में 148/4 से स्कोर को 301/5 तक पहुंचाया। दोनों के बीच रिकॉर्ड 153 (137) रनों की साझेदारी हुई। हरमनप्रीत कौर ने इस साझेदारी में 60 रन बनाए जबकि दीप्ति शर्मा ने 92 रन जोड़े। मुकाबले में पूर्व कप्तान कौर ने आउट होने से पहले 126 (121) रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 15 चौके लगाए और 104 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। दीप्ति शर्मा ने भी इस मुकाबले में शतक जड़ा। वे 86 गेंदों में 106 रन बनाकर नाबाद रहीं। दीप्ति के लिए वनडे क्रिकेट में यह दूसरा शतक था, जबकि हरमनप्रीत कौर ने अपने वनडे करियर का 8वां शतक जड़ा।
दीप्ति शर्मा ने एक खास क्लब में भी मारी एंट्री
अपनी इस शतकीय पारी के साथ दीप्ति शर्मा ने एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। बाएं हाथ की यह बल्लेबाज भारत के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाली पांचवीं बैटर बन गई हैं। टॉप-3 में स्मृति मंधाना का नाम है। मंधाना ने 50, 70, और 77 गेंदों में वनडे क्रिकेट में शतक लगाया है और टॉप-3 में अपना दबदबा बरकरार रखा है। हरमनप्रीत कौर ने साल 2025 में 82 गेंदों में शतक पूरा करके लिस्ट में चौथे स्थान पर अपना नाम दर्ज कराया था। आज दीप्ति शर्मा ने 83 गेंदों में शतक पूरा किया है और लिस्ट में पांचवें स्थान पर आ गई हैं।