भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में अंशुल कंबोज के शानदार प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यहां की परिस्थितियां इस तेज गेंदबाज के बेहद अनुकूल हैं।
कंबोज ने उछाल भरी विकेट पर बादल छाए रहने की स्थिति में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लिए और न्यूजीलैंड को 185 रन पर आउट करने में अहम भूमिका निभाई। भारत ने पहला वनडे जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
गिल ने कंबोज की तारीफ की
शुभमन गिल ने मैच के बाद कहा, ”अंशुल जिस तरह का गेंदबाज है उसे देखते हुए मुझे लगता है कि वह इन परिस्थितियों के लिए बिल्कुल उपयुक्त गेंदबाज है। वह हमेशा तेज गेंदबाजी करता है, गेंद को सीम कराने की कोशिश करता है और पुरानी गेंद से भी अच्छी गेंदबाजी करता है।”
उन्होंने कहा, ”हमें लगा कि जब विकेट से ज्यादा मदद नहीं मिल रही हो तो वह अतिरिक्त उछाल पैदा कर सकता है और उसने आज जिस तरह से गेंदबाजी की उसे देखना वास्तव में शानदार था।”
बारिश के कारण दो बार रुका मैच
गिल ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर तारीफ की। कंबोज के अलावा अर्शदीप सिंह ने चार और गुरनूर बराड़ ने तीन विकेट लिए। गिल ने विराट कोहली के एक हाथ से पकड़े गए कैच और रोहित शर्मा का डैरिल मिचेल को रन आउट करने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ”हमारी गेंदबाजी बहुत अच्छी थी और हमारी फील्डिंग भी शानदार रही। मुझे लगता है कि रोहित भाई ने जो रन आउट किया उससे मैच का रुख पलट गया।।”
गिल ने स्वीकार किया कि बार-बार बारिश के कारण खेल में रुकावट आने से बल्लेबाजों की लय बिगड़ सकती है। उन्होंने कहा, ”जब आप अच्छी स्थिति में हों और फिर बारिश हो जाए और विकेट थोड़ा तेज हो जाए या बारिश के बाद पिच थोड़ी फिसलन भरी हो जाए, तो रन बनाना आसान नहीं होता है। लेकिन हमने सहज होकर बल्लेबाजी करने पर ध्यान दिया जिससे हमारे लिए चीजें आसान हो गई।”
कंबोज ने कहा कि वह केवल ‘बेसिक्स’ पर ही ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ”लगातार एक ही लेंथ और लाइन पर गेंदबाजी करना और विकेट की प्रकृति पर ध्यान केंद्रित नहीं करना महत्वपूर्ण था। मैंने बेसिक्स पर ध्यान दिया तथा सही लाइन और सही लेंथ पर गेंदबाजी की।” कंबोज ने कहा कि विकेट पर उछाल को देखते हुए उन्हें अपनी लेंथ में विशेष रूप से बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ी।
उन्होंने कहा, ”मुझे विकेट से अच्छी उछाल मिल रही थी इसलिए मुझे केवल अपनी लेंथ पर ध्यान देना था और मैंने वही किया।”