होली के दिन भी टीम इंडिया के 4 खिलाड़ियों ने नहीं ली छुट्टी, सेमीफाइनल से पहले जमकर बहाया पसीना

Team India Optional Practice Session: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मैच से ठीक एक दिन पहले, होली के मौके पर भी टीम इंडिया के चार खिलाड़ियों ने छुट्टी नहीं ली और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ऑप्शनल प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया. यह सेशन मैच से एक दिन पहले (4 मार्च 2026) आयोजित किया गया था, वहीं फुल प्रैक्टिस सेशन कल ही हो गया था. यानी टीम अब इंग्लैंड के खिलाफ 5 मार्च को होने वाले सेमीफाइनल में सिर्फ एक ही फुल प्रैक्टिस सेशन के साथ उतरेगी.

ऑप्शनल प्रैक्टिस सेशन में पहुंचे ये खिलाड़ी

इस ऑप्शनल सेशन में हिस्सा लेने वाले 4 खिलाड़ी तिलक वर्मा, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह थे. इनमें से वरुण चक्रवर्ती ने खास ध्यान खींचा, जब उन्होंने लगभग एक घंटे तक सिंगल विकेट पर स्पॉट बॉलिंग का स्पेशल सेशन किया. यह सेशन उनके रूटीन का हिस्सा था, जिसमें उन्होंने अपनी लेंथ, स्पीड, कंट्रोल और वैरिएशंस पर फोकस किया. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने वरुण की इस मेहनत की तारीफ भी की.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बारे में पूछे जाने पर मोर्केल ने कहा: यह एक सामान्य ऑप्शनल प्रैक्टिस था. उन्हें सिंगल विकेट प्रैक्टिस सेशन पसंद हैं. जाहिर है मैं उसकी रणनीति का खुलासा नहीं कर सकता, लेकिन मैं उससे कहता रहता हूं कि उसके स्किल और वेरिएशन को देखते हुए, वह लगभग हर गेंद पर विकेट ले सकता है. अगर कोई बाउंड्री जाती है, तो यह उनकी बेस्ट एक्जीक्यूशन न होने का संकेत है. उनका फोकस अगली गेंद पर कमिटमेंट और कॉन्फिडेंस बनाए रखना है.’ मोर्केल ने जोर दिया कि वरुण को अच्छा महसूस कराकर सेशन खत्म करना अहम है.

सेमीफाइनल से पहले जमकर बहाया पसीना

दूसरी ओर, तिलक वर्मा, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह ने जमकर बल्लेबाजी की प्रैक्टिस की. तीनों खिलाड़ियों के नेट्स में काफी समय बिताया और लंबे-लंबे शॉट्स भी खेले. सुंदर और बैटिंग कोच सितांशु कोटक को काफी देर बातचीत भी करते हुए देखा गया, इस दौरान हेड कोच गौतम गंभीर भी मौजूद रहे. वहीं, टीम के सहायक रयान टेन डेशकाटे और फील्डिंग कोच टी दिलीप भी खिलाड़ियों के साथ काम करते हुए नजर आए.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें