Kris Srikkanth On Naman Dhir Debut: भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार (27 सितंबर) को पहला वनडे मैच खेला गया. इस मुकाबले में भारत ने जीत दर्ज कर 3 मैच की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली.
इस मुकाबले में भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में एक नया चेहरा देखने को मिला. 26 साल के ऑलराउंडर नमन धीर ने इस मैच में भारत के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया. नमन धीर को इस मैच में बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला, जबकि गेंदबाजी में उन्होंने 5 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 33 रन खर्च किए. अब नमन धीर के डेब्यू पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने सवाल उठाया है. भारत के पूर्व कप्तान और चीफ सिलेक्टर श्रीकांत ने कहा कि नमन धीर ने घरेलू क्रिकेट में कोई खास प्रदर्शन नहीं किया है.
‘हर किसी को इंडिया कैप नहीं थमा सकते’
पूर्व क्रिकेटर क्रिस श्रीकांत ने सोमवार को अपने यूट्यूब चैनल पर भारतीय टीम को लेकर बात की. इस दौरान उन्होंने कहा कि आप नमन धीर जैसे खिलाड़ियों को नहीं खिला सकते हैं. नमन धीर ने घरेलू क्रिकेट में कोई बेहद शानदार प्रदर्शन नहीं किया है कि उन्हें अभी मौका दिया जाए. श्रीकांत ने आगे कहा कि हर किसी को इंडिया कैप नहीं थमा सकते. अगर वह बैटिंग भी करते, तो नंबर-7 पर उतरते. उन्हें नंबर-7 पर भेजने का क्या फायदा? वह एक बेहतरीन प्लेयर हैं और 2 से 3 ओवर बॉलिंग कर सकते हैं, लेकिन आप उन्हें ऑलराउंडर के तौर पर नहीं खिला सकते. श्रीकांत ने आगे कहा कि मजबूत भारतीय बैटिंग लाइनअप के साथ आपको नंबर-8 पर किसी बल्लेबाज की जरूरत नहीं है. नंबर 8 को तो खेलने का मौका भी नहीं मिलेगा.
श्रीकांत ने की इन 2 प्लेयर्स की तारीफ
पूर्व क्रिकेटर श्रीकांत ने भारतीय कप्तान शुभमन गिल की बल्लेबाजी की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि जब वह बैटिंग कर रहे होते हैं, तो कभी आउट नहीं होंगे. गिल ने वनडे क्रिकेट में महारत हासिल कर ली है. उसकी कंसिस्टेंसी कमाल की रही है. श्रीकांत ने आगे कहा कि गिल जिस आसानी से बैटिंग करते है, वह शानदार है. बता दें कि शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 110 रनों की पारी खेली. इसमें उनके बल्ले से 13 चौके और 1 छक्का आया. यह उनके वनडे करियर का 10वां शतक है.
गिल के अलावा श्रीकांत ने स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि हवा में उनका लूप और स्पीड शानदार थी. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड देना एक अच्छा फैसला था. उन्होंने कहा कि यह भी अच्छा है कि कुलदीप को खिलाया जा रहा रहा है. रिस्ट स्पिनर्स जितना ज्यादा खेलेंगे, उनके लिए उतना ही अच्छा होगा. बता दें कि कुलदीप ने 10 ओवर की स्पेल में 40 रन देकर 4 अहम हासिल किए थे.