भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने पर कहा है कि टीम इंडिया 7 फरवरी को मुकाबले के बाद कोलंबे जाएगी, क्योंकि उन्होंने मैच के लिए मना नहीं किया है.
पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ ने बुधवार को भी दोहराया कि पाकिस्तान ने काफी सोच समझ कर भारत के खिलाफ 15 फरवरी को मैच नहीं खेलने का फैसला लिया है. पाकिस्तानी अखबार डॉन न्यूज के अनुसार, इस्लामाबाद में फेडरल कैबिनेट को संबोधित करते हुए पाकिस्तानी पीएम ने कहा,”हमने T20 वर्ल्ड कप के बारे में साफ रुख अपनाया है कि हम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे.” सूर्यकुमार यादव ने मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के मैच को लेकर सवाल हुआ था, जिसका उन्होंने जवाब दिया.
भारतीय कप्तान ने स्पष्ट किया कि भारतीय टीम मैदान पर जाएगी. आईसीसी के नियमों के अनुसार, भारत अगर मैदान पर रहता है और पाकिस्तान बॉयकॉट करता है तो ऐसी स्थिति में भारत को दो अंक मिलेंगे और पाकिस्तान के रन रेट में 20 ओवर जोड़े जाएंगे. कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने कहा,”माइंडसेट एकदम क्लियर है. हमने गेम के लिए मना नहीं किया है. ICC ने न्यूट्रल वेन्यू तय किया है. हम पक्का कोलंबो जा रहे हैं. दूसरों के बारे में हमें नहीं पता. हम 7 तारीख को मैच खेलेंगे और फिर कोलंबो जाएंगे.”
सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान पर कहा,”उनका फैसला मेरे कंट्रोल में नहीं है. हमने एशिया कप में उनके साथ 3 बार खेला, हम जीते और खुश थे. अगर हमें कोलंबो में खेलने का मौका मिला, तो हम उनके साथ खेलेंगे.” सूर्यकुमार ने आगे कहा,”यह मेरे हाथ में नहीं है. अगर यह फैसला सरकार की तरफ से आ रहा है, तो मैं इस पर कुछ नहीं कर सकता. मैच का शेड्यूल तैयार है और हम कोलंबो जाएंगे.”
इससे पहले दिन में सलमान अली आगा ने कहा था कि वे 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने के बारे में पाकिस्तानी सरकार के निर्देश का पालन करेंगे. सलमान आगा ने कहा था,”भारत के साथ मैच हमारे कंट्रोल में नहीं है. यह सरकार का फैसला है, और हम उसका सम्मान करते हैं. वे जो भी कहेंगे, हम वही करेंगे.”