सूर्या ने बताया क्यों अलग लग रही थी वानखेड़े की पिच? टीम को लेकर भी दिया बड़ा अपडेट

भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) के पहले मैच में जीत के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. फैंस को उम्मीद थी कि भारत अमेरिका के खिलाफ एक रिकॉर्ड जीत हासिल करेगा. लेकिन, ऐसा हुआ नहीं.

भारतीय टीम ने 29 रन से यह मैच जीता. टीम के सारे बल्लेबाज फ्लॉप रहे, वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव (Surya Kumar Yadav) ने 84 रन की पारी खेली टीम की इज्जत बचाई. मैच के दौरान पिच को लेकर काफी चर्चा हुई. सूर्यकुमार यादव ने भी पिच को लेकर बात की. साथ ही उन्होंने फैंस को खुश करने वाली एक अहम अपडेट भी दी.

सूर्यकुमार के काम आया अनुभव

भारतीय टीम की शुरुआत बिलकुल अच्छी नहीं थी और सूर्या के अलावा कोई टिक कर बल्लेबाजी कर ही नहीं सका. सूर्या ने अपनी बल्लेबाजी के बारे में कहा,

जिस पोजीशन पर हम थे, 77 पर 6, उस समय मैं कितना दबाव महसूस कर रहा था, यह सिर्फ मैं ही बता सकता हूं. लेकिन साथ ही, मुझे यह विश्वास था कि मैंने ऐसी ही स्थितियों में पहले भी बैटिंग की है. मैंने मुंबई क्रिकेट के मैदानों, आज़ाद मैदान, क्रॉस मैदान में बहुत क्रिकेट खेला है. इसलिए मुझे पता था कि अगर मैं आखिर तक बैटिंग करूं, तो मैं फर्क ला सकता हूं.

सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वानखेड़े की पिच आमतौर पर ऐसी नहीं होती जैसी आज थी. भारतीय कप्तान ने कहा,

यह वानखेड़े की हमेशा वाली विकेट से थोड़ी अलग थी. लेकिन साथ ही, जब हम सुबह उठे, तो हमने देखा कि बाहर ज़्यादा धूप नहीं थी. मुझे लगता है कि क्यूरेटर और ग्राउंड्समैन ने सबसे अच्छी पिच तैयार करने की पूरी कोशिश की. लेकिन, कुछ चीज़ें उनके कंट्रोल में नहीं होतीं. इसलिए पिच को रोल करने और पानी देने के लिए काफ़ी धूप नहीं थी. शायद इसी वजह से पिच ऐसी थी. लेकिन, हम हर चीज़ को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते. हम थोड़ी बेहतर बैटिंग कर सकते थे.

 

फैंस को मिली गुडन्यूज

सूर्या ने यहां टीम को लेकर भी अपडेट दिया. सूर्या ने बताया,

वॉशिंगटन सुंदर दिल्ली में हमसे जुड़ रहे हैं. वह ठीक हैं. सब कुछ ठीक है. बुमराह को मौसम की वजह से तेज़ बुखार था, जैसे अभिषेक की तबीयत खराब थी. लेकिन बाकी सब ठीक है.

सूर्या के अपडेट से साफ है कि अगले मैच में टीम में इन दोनों खिलाड़ियों की वापसी हो सकती है. भारत को अब अगला मुकाबला 12 फरवरी को नामीबिया से खेलना है. इसके बाद टीम पाकिस्तान के ख‍िलाफ मैच के लिए कोलंबो ट्रेवल करेगी. 15 फरवरी को ये बहुप्रतीक्ष‍ित मुकाबला होना है. टीम इंडिया ग्रुुप स्टेज का अपना अंतिम मैच 18 फरवरी को नीदरलैंड्स के ख‍िलाफ खेलेगी.

Leave a Comment