पाकिस्तान के हॉकी खिलाड़ियों की आर्थिक हालत ठीक होने का नाम नहीं ले रही है. पाकिस्तानी हॉकी एसोसिएशन ने अबतक खिलाड़ियों का बकाया पैसा ही नहीं दिया है वहीं उनके दैनिक प्रैक्टिस भत्ते में भी भारी कटौती कर दी गई है. इस साल अगस्त में नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले एफआईएच वर्ल्ड कप से पहले उनका प्रशिक्षण शिविर भत्ता कम कर दिया गया है. पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने ऐलान किया है कि पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ियों और अधिकारियों को अब विदेशी दौरों पर हर दिन110 डॉलर का भत्ता मिलेगा. खिलाड़ियों ने हालांकि शिकायत की है कि उनके प्रशिक्षण शिविर भत्ते को 11 डॉलर से घटाकर 3.5 डॉलर यानि भारतीय रुपयों में 344 रुपये कर दिया गया है.
पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं बेहद नाराज
पाकिस्तान ने गुरुवार को बेल्जियम और इंग्लैंड में अगले महीने होने वाले एफआईएच प्रो लीग मैचों के लिए अपनी 20 सदस्यीय टीम की घोषणा की, लेकिन कप्तान के नाम का ऐलान ही नहीं किया. पीएचएफ के इस रवैये से खिलाड़ी नाखुश हैं. शकील अम्माद बट पिछले साल की शुरुआत से ही पाकिस्तान की कप्तानी कर रहे हैं. एक खिलाड़ी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, ‘पीएचएफ ने घोषणा की है कि हमें विदेशी दौरों के लिए 110 अमेरिकी डॉलर प्रतिदिन भत्ता मिलेगा, जिसमें मिस्र में खेला गया विश्व कप क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी शामिल है, लेकिन हम इस पर तभी भरोसा करेंगे जब हमें ये पैसा दिया जाएगा.’ खिलाड़ी ने आरोप लगाया कि पीएचएफ के अधिकारियों ने पहले भी इसी तरह के वादे किए थे, लेकिन उन्हें कभी पूरा नहीं किया.
पाकिस्तान के हॉकी खिलाड़ियों का अपमान
पाकिस्तान के एक हॉकी खिलाड़ी ने कहा, ‘अभी हम सिर्फ ये जानना चाहते हैं कि क्या ये सच है कि वे हमें प्रैक्टिस के दौरान सिर्फ 1000 पाकिस्तानी रुपये ही देंगे. ये पैसा नेशनल खिलाड़ियों का अपमान है.’ बता दें एफआईएच प्रो लीग का तीसरा चरण 13 से 27 जून तक होना है, जिसमें पाकिस्तान बेल्जियम, स्पेन, इंग्लैंड और भारत के खिलाफ खेलेगा. इसके बाद पाकिस्तान एफआईएच वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगा.
एफआईएच प्रो लीग के लिए पाकिस्तान की टीम: गोलकीपर: वकार अली, अली रजा
डिफेंडर: अबू बकर, अरबाज अहमद, मोहम्मद अब्दुल्ला, सुफयान खान
मिडफील्डर: नदीम खान, अम्माद शकील, मोइन शकील, हम्माद अंजुम, जकारिया हयात
फॉरवर्ड: गजनफर अली, मोहम्मद एम्माद, राणा वलीद, अफराज खान, राणा वाहिद, अब्दुर रहमान, अहमद नदीम, अरशद लियाकत, हनान शाहिद