सिर्फ 1 रन पर बवाल… अश्विन ने IPL में इस नियम को बदलने की उठाई मांग, पंजाब को हुआ नुकसान

R Ashwin On DRS reversal: भारत के पूर्व खिलाड़ी आर अश्विन ने आईपीएल 2026 के बीच एक नियम में बदलाव की मांग की है. दरअसल, पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के मैच के आखिरी ओवर में एक विवादित फैसले ने सबका ध्यान खींच लिया. जिसके चलते पंजाब की टीम को 1 रन के नुकसान का सामना करना पड़ा. ऐसे में आर अश्विन का मानना है कि भले ही आईसीसी इस नियम में बदलाव ना करे, लेकिन बीसीसीआई को आईपीएल के लिए इस नियम को बदल देना चाहिए.

अश्विन ने इस नियम को बदलने की उठाई आवाज

दरअसल, पंजाब किंग्स की पारी के 20 ओवर की आखिरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने विष्णु विनोद के पैड पर गेंद को डिट किया, जिसे अंपायर ने तुरंत LBW आउट दे दिया, लेकिन पंजाब किंग्स ने रिव्यू लिया. DRS में बॉल ट्रैकिंग से साफ हुआ कि गेंद का इम्पैक्ट ऑफ स्टंप के बाहर था, इसलिए फैसला पलट गया और विष्णु विनोद नॉट आउट करार दिए गए. इस दौरान विष्णु विनोद ने एक रन भी भागा था, लेकिन रन पूरा होने से पहले ही ऑन फील्ड अंपायर ने उन्हें आउट दे दिया था, ऐसे में बॉल डेड को गई थी. जिसके चलते फैसला बदलने के बाद भी पंजाब को 1 रन नहीं मिला.

इस घटना पर भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तीखी प्रतिक्रिया दी. अश्विन ने लिखा, ‘गलत फैसले की वजह से पंजाब को 1 रन का नुकसान हुआ. यह नियम तुरंत बदलना चाहिए! जैसे इम्पैक्ट सब IPL का नियम है, ठीक उसी तरह DRS रिवर्सल पर भी IPL में बदलाव लाया जाना चाहिए, भले ही ICC में देरी हो.’

नियम बदलने पर क्या होगा?

अश्विन का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है. उनका तर्क है कि जब फैसला गलत साबित हो जाता है तो टीम को अतिरिक्त नुकसान क्यों उठाना पड़े? ICC के नियम के मुताबिक, अगर LBW या कैच आउट देने के बाद रिव्यू में फैसला पलटता है तो स्कोरिंग में मूल फैसले का असर रह जाता है. ऐसे में अश्विन का मानना है कि ऑन फील्ड अंपायर का फैसला गलत साबित होने पर टीम को रनों का नुकसान नहीं होना चाहिए और उस गेंद पर बने रन टीम के खाते में जुड़ने चाहिए.