पाकिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने लाहौर हाई कोर्ट में एक रिट याचिका दायर की है। इसमें उन्होंने पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) द्वारा जारी उस समन को चुनौती दी है, जो उन्हें पिछले हफ़्ते एजेंसी के सामने पेश होने के बाद भेजा गया था।
इंग्लैंड में पाकिस्तान की 3-0 से टेस्ट सीरीज हार के बाद, NCCIA ने रिज़वान और उनके साथी बल्लेबाज़ इमाम-उल-हक को पूछताछ के लिए बुलाया था। क्रिकइन्फो के अनुसार, दोनों खिलाड़ी पिछले गुरुवार को एजेंसी के लाहौर ऑफ़िस में पेश हुए थे और उन्हें कई पन्नों के सवाल-जवाब वाले फ़ॉर्म भरने और वापस करने के लिए दिए गए थे।
माना जाता है कि इमाम ने 15 सितंबर की समय-सीमा से पहले ही एक मध्यस्थ के ज़रिए अपने जवाब जमा कर दिए थे, जबकि रिज़वान ने अपने जवाब में जांच के तरीके और NCCIA के अधिकार क्षेत्र पर सवाल उठाए हैं। रिज़वान ने सोमवार को रिट याचिका भी दायर की। इसमें उन्होंने कहा कि उन पर कोई ठोस आरोप नहीं लगाया गया है और पूछताछ के लिए बुलाने के एजेंसी के अधिकार क्षेत्र पर सवाल उठाया।
माना जाता है कि NCCIA के सवाल-जवाब वाले फ़ॉर्म में खिलाड़ियों की यात्रा और वित्तीय इतिहास के साथ-साथ निजी और करियर से जुड़ी जानकारी मांगी गई थी। यह अभी साफ़ नहीं है कि एजेंसी की जांच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की अलग आंतरिक जांच से जुड़ी है या नहीं। PCB ने पिछले हफ़्ते घोषणा की थी कि उसने “अनुशासन और व्यवहार से जुड़ी मीडिया रिपोर्टों के बाद एक आंतरिक अनुशासनात्मक जांच शुरू की है, जिसकी अभी आंतरिक रूप से समीक्षा की जा रही है”। क्रिकइन्फो के अनुसार, बोर्ड ने कहा कि यह प्रक्रिया “PCB के नियमों के तहत” की जा रही है।
लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड से 194 रन से हारने के बाद रिज़वान और इमाम उन सात खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्हें पाकिस्तान की टीम से बाहर कर दिया गया और घर वापस भेज दिया गया। पाकिस्तान पहला टेस्ट एक पारी और 103 रन से हार गया था। इसके बाद PCB ने टीम में बड़े बदलाव किए और हेड कोच सरफ़राज़ अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी हटा दिया। इंग्लैंड सात नए खिलाड़ी भेजे गए, जिनमें पांच ऐसे खिलाड़ी शामिल थे जिन्होंने पहले कभी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला था।
पाकिस्तान को एजबेस्टन में खेले गए तीसरे टेस्ट में आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा। नए खिलाड़ियों में रज़ाउल्लाह ने अपने डेब्यू मैच में चार विकेट लेकर और 81 रन बनाकर प्रभावित किया। इंग्लैंड दौरे पर खेले गए दो टेस्ट मैचों में रिज़वान का बैटिंग प्रदर्शन 12, 41, 7 और 1 रन रहा। कैरिबियन में पाकिस्तान की दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ के दौरान भी उन्हें रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा था, हालांकि उनकी विकेटकीपिंग की काफी तारीफ़ हुई थी।
वहीं, लॉर्ड्स में मैच के पहले दिन के खेल के बाद इमाम की बाईं पिंडली (calf) में ग्रेड-1 टियर का पता चला और वे मैच के दौरान न तो बैटिंग करने उतरे और न ही फील्डिंग के लिए मैदान पर आए। पाकिस्तान के मुख्य चयनकर्ता और हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर आकिब जावेद ने चोट की प्रकृति पर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए थे और संकेत दिया था कि इसकी जांच की जाएगी।
पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने भी टीम में बदलावों के बारे में बताते हुए कहा था कि प्रदर्शन के अलावा अन्य पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है। क्रिकइन्फो के अनुसार, नकवी ने कहा, “हमने इसके कारणों का पता लगाने के लिए चर्चा की है। इसमें प्रदर्शन के अलावा अन्य कारक भी शामिल हैं और हम इसकी तह तक जाएंगे।”
वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के दौरों के लिए रिज़वान और इमाम के चयन पर भी सवाल उठे थे, जिसके बाद पीसीबी ने अपनी चयन समिति के एक सदस्य को नोटिस जारी कर उनके चयन और अपनाई गई प्रक्रिया के बारे में लिखित स्पष्टीकरण मांगा था। इसके बाद, पाकिस्तान टीम में हुए बदलावों के चलते चयनकर्ताओं में से एक, मिसबाह-उल-हक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।