श्रीलंका-पाकिस्तान मैच खत्म होते ही हेड कोच का इस्तीफा, टीम के खराब प्रदर्शन पर बड़ा बवाल

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 51वां मैच पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमों के बीच खेला गया. इस मैच में पाकिस्तान की टीम ने 5 रनों से बाजी मारी, लेकिन वह सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने से चूक गई. दूसरी और, श्रीलंका की टीम का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा और उसके टूर्नामेंट का अंत हार के साथ हुआ. इस खराब खेल के बाद टीम में उथल पुथल मच गई है और टीम के हेड कोच ने अपना पद छोड़ने का फैसला ले लिया है.

टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होते ही बड़ा फैसला

श्रीलंका क्रिकेट टीम के हेड कोच सनथ जयसूर्या ने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला कर लिया है. उन्होंने ये ऐलान टी20 वर्ल्ड कप 2026 से टीम के बाहर होने के बाद किया. जयसूर्या ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि उनका कॉन्टैक्ट जून 2026 तक था, लेकिन अब वह इसे आगे नहीं बढ़ाना चाहते. उन्होंने कहा कि मुझे लगा कि अब किसी और को यह जिम्मेदारी सौंपने का समय आ गया है.

2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद मिली थी जिम्मेदारी

जयसूर्या ने 2024 टी20 विश्व कप के ठीक बाद श्रीलंका के हेड कोच की कमान संभाली थी. उनके कार्यकाल की शुरुआत काफी शानदार रही थी. अगस्त 2024 में भारत के खिलाफ 27 साल बाद ODI सीरीज जीतना, सितंबर में द ओवल में टेस्ट मैच जीत और घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-0 से टेस्ट सीरीज जीत जैसे कारनामे देखने को मिले. ये सफलताएं टीम में नई ऊर्जा लेकर आईं थीं. लेकिन बाद के महीनों में टीम का प्रदर्शन गिरता चला गया. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सभी मैच अपने घर पर खेलने के बावजूद श्रीलंका की टीम सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी, जो टीम के लिए एक बड़ा झटका है.

श्रीलंका क्रिकेट को नहीं दी जानकारी

हालांकि, जयसूर्या ने श्रीलंका क्रिकेट (SLC) बोर्ड को पहले से अपना फैसला नहीं बताया था. यह फैसला अचानक आया है, हालांकि उन्होंने साफ किया कि वर्ल्ड कप उनके लिए आखिरी असाइनमेंट था. ऐसे में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को अब नए कोच की तलाश करनी होगी. लेकिन जयसूर्या 13 मार्च से शारजाह में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली लिमिटेड ओवर सीरीज में टीम के साथ बने रह सकते हैं.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें