शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड में अपने खर्चे पर शुरू की तैयारी, लेना है पिछली हार का ‘बदला’

भारतीय कप्तान शुभमन गिल न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं. वह 4 नवंबर से ऑकलैंड में शुरू हो रही पांच मैचों की सीरीज के पहले तीन मुकाबलों में टीम की अगुवाई करेंगे.

भारतीय टीम 2027 वनडे विश्व कप की तैयारी के तहत इस दौरे की मजबूत शुरुआत करना चाहेगी. न्यूजीलैंड की कंडिशन में ढलने के लिए गिल ने अपनी जेब से चार से पांच नेट गेंदबाजों को अपने साथ दौरे पर ले जाने का इंतजाम किया है. ये कदम उन्होंने मुख्य तौर पर नवंबर में होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए उठाया है.

न्यूजीलैंड में हर हाल में करना है अच्छा प्रदर्शन

कैप्टन शुभमन गिल ने इस मुश्किल अंतरराष्ट्रीय असाइनमेंट से पहले तैयारी को काफी अहमियत दी है. न्यूजीलैंड जाने से पहले उन्होंने पंजाब के लिए छत्तीसगढ़ के खिलाफ एक रणजी ट्रॉफी मैच भी खेला था, जिससे उन्हें मैच प्रैक्टिस मिली. अब उन्होंने न्यूजीलैंड में भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है.

पिछली हार का बदला

गिल इस वनडे सीरीज में अपना प्रभाव छोड़ना चाहेंगे. 2026 की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत में हुई तीन मैचों की सीरीज में उनका प्रदर्शन मिला जुला रहा था. उस समय उन्होंने तीन पारियों में 45 की औसत से 135 रन बनाए थे. उन्होंने पहले दो वनडे में लगातार दो अर्धशतक जड़े थे, लेकिन सीरीज के निर्णायक मैच में सिर्फ 23 रन ही बना पाए थे. भारत वो सीरीज 2 1 से हार गया था, जो न्यूजीलैंड की भारतीय सरजमीं पर पहली वनडे सीरीज जीत थी.

कप्तानी और आगे का प्लान

अब गिल भारत की कमान संभालते हुए शुरुआती तीन मैचों में बड़े योगदान देने की उम्मीद कर रहे हैं. पांच वनडे मैच 4 से 15 नवंबर के बीच ऑकलैंड, वेलिंगटन, हैमिल्टन और माउंट माउंगानुई में खेले जाएंगे. गिल आखिरी दो मैचों के लिए श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंप देंगे, जिसके बाद उनका ध्यान 19 नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज पर रहेगा. सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली भी वनडे टीम का हिस्सा हैं. ऐसे में गिल के पास एक अनुभवी कोर होगा, क्योंकि भारत इस दौरे की सकारात्मक शुरुआत करना चाहता है.

Leave a Comment