वैभव सूर्यवंशी को लेकर बहुत बड़ी भविष्यवाणी, सबसे सफल कप्तान ने किया चौंकाने वाला दावा

राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में धमाका मचा दिया है और अब उन्हें लेकर सबसे सफल टेस्ट कप्तान ग्रेम स्मिथ ने बड़ा दावा कर दिया है. ग्रेम स्मिथ बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के फैन बन गए हैं और उन्होंने वैभव को असली सुपरस्टार बताया. उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में ही सुपरस्टार बनने का दम रखते हैं. सूर्यवंशी ने मंगलवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की 27 रन की जीत के दौरान दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया था. सूर्यवंशी ने उस मैच में 14 गेंदों में 39 रन बनाए थे.

ग्रेम स्मिथ बने सूर्यवंशी के फैन

वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए ग्रेम स्मिथ ने कहा, ‘आईपीएल की शुरुआत बिल्कुल वैसी ही हुई है जैसी मैंने उम्मीद की थी. सपाट पिच और हाई स्कोरिंग स्कोर के साथ. हमेशा की तरह, रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे पुराने सुपरस्टार्स का प्रदर्शन देखना दिलचस्प होगा, लेकिन मुझे लगता है कि शुरुआती कुछ हफ्तों में राजस्थान रॉयल्स के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी पर सबकी नजर रहेगी.’ साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान ने कहा, ‘उन्होंने पहली ही गेंद से अपनी ताकत का प्रदर्शन कर दिखाया है. एक युवा खिलाड़ी के तौर पर वो टूर्नामेंट के दौरान एक सुपरस्टार बन सकते हैं और मैं उनका प्रदर्शन देखने के लिए बेहद उत्साहित हूं.’

दिग्गज कप्तान हैं ग्रेम स्मिथ

ग्रेम स्मिथ भी आईपीएल में खेल चुके हैं. साल 2008 में चैंपियन बनने वाली राजस्थान रॉयल्स का वो हिस्सा थे. स्मिथ ने आईपीएल में 29 मैचों में 28.4 की औसत से 739 रन बनाए हैं. उन्होंने 4 अर्धशतक भी लगाए. बता दें ग्रेम स्मिथ टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले कप्तान हैं. उन्होंने 109 मैचों में साउथ अफ्रीका की टेस्ट कैप्टेंसी की और स्मिथ ने 53 मैच जीते. वो सिर्फ 29 टेस्ट मैच ही हारे. वो 100 से ज्यादा टेस्ट मैचों में कप्तानी करने वाले इकलौते कप्तान हैं.