भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। भारत ने रविवार को इंदौर में तीसरा टी20 मुकाबला 14 रनों से जीता। युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को वेस्टइंडीज सीरीज में अब तक एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
भारतीय टीम मैनेजमेंट का संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी पर भरोसा कायम है। 31 वर्षीय संजू ने दूसरे मैच में 41 गेंदों में 82 रनों की आतिशी पारी खेली थी लेकिन इंदौर में तीन रन ही जुटा सके। संजू और 15 वर्षीय वैभव में एक ओपनिंग स्लॉट के लिए प्रतिस्पर्धा चल रही है। हालांकि, भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन ने बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि संजू फिलहाल उतना अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं कि वैभव को बाहर रखा जा रहा। वैभव ने भारत के लिए आठ टी20 इंटरनेशनल खेले हैं। लेकिन उन्हें भारतीय सरजमीं पर इंटरनेशनल मैच खेलने का चांस नहीं मिला।
‘संजू इस समय वैभव को टीम से बाहर रखने…”
अश्विन ने सोमवार को अपने यूट्यूब चैनल ‘ऐश की बात’ पर शेयर किए गए वीडियो में कहा, ”मुझे लगता है कि संजू इस समय वैभव को टीम से बाहर रखने के लिए पर्याप्त प्रदर्शन कर रहा है। बदकिस्मती है लेकिन वैभव को मौका मिलना चाहिए। लेकिन क्या करें? जिंदगी में ऐसी चीजें होती रहती हैं। दोनों के बीच यह प्रतिस्पर्धा इसलिए भी चल रही है क्योंकि भारतीय टीम मैनेजमेंट समेत सब जानते हैं कि दूसरे ओपनर अभिषेक शर्मा को बाहर करने के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता। अभिषेक शर्मा एक असाधारण खिलाड़ी है। अगर उसका बल्ला चलता है तो वह हमेशा इंडिया को मैच जिताता है। वह धीरे-धीरे सीखता रहेगा। और मुझे जो सबसे बड़ी पॉजिटिव बात दिख रही है, वह यह है कि वह पिछले दो या तीन महीनों से मुश्किल पिचों पर रन बना रहा है। उसका ग्राफ ऊपर जा रहा है। अभिषेक शर्मा एक शानदार खिलाड़ी है। मुझे उसे खेलते हुए देखना अच्छा लगता है।”
‘पिछले दो महीनों में बहुत सी ऐसी चीजें दिखाई…’
अभिषेक ने इंदौर T20I में 30 गेंदों का सामना करने के बाद 69 रनों की पारी खेली, जिसमें छह चौके और पांच सिक्स शामिल हैं। अभिषेक ने ईशान किशन (18 गेंदों में 37) के साथ दूसरे विकेट के लिए 108 रन की बेहतरीन साझेदारी की। भारत ने 224 रनों का टारगेट देने के बाद वेस्टइंडीज को 209/7 पर रोका। अश्विन ने कहा, ”अभिषेक शर्मा ने पिछले दो महीनों में बहुत सी ऐसी चीजें दिखाई हैं जो उनकी परिस्थितियों के अनुसार ढलने की काबिलियत दिखाती हैं। जापान में भी विकेट उतना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने बहुत अच्छी बैटिंग की। इंदौर में भी यही सच था। विकेट ज्यादा आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने अच्छी बैटिंग की।” अभिषेक ने जुलाई 2024 में टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। 26 वर्षीय बल्लेबाज ने अभी तक 65 टी20 मैचों में 2036 रन बनाए हैं, जिसमें 32.83 का औसत और 195.95 का स्ट्राइक रेट रहा।