जब से आईपीएल में वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू हुआ है, कई एक्सपर्ट्स और फैंस की जुबान पर यही सवाल है- वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में एंट्री कब मिलेगी? पिछले साल डेब्यू मैच में पहली ही गेंद पर छक्का जमाने के बाद 35 गेंदों में शतक ठोकने वाले वैभव ने इन 12 महीनों में अपने बल्ले से तहलका मचाया है. अब आईपीएल 2026 में लौटते ही 15 साल के इस युवा बल्लेबाज ने पहले मैच में 15 गेंदों में अर्धशतक जमा दिया. इस तरह फिर से ये मांग होने लगी है कि वैभव को सीनियर टीम इंडिया में शामिल किया जाए. मगर जहां ज्यादातर आवाजें इसके पक्ष में उठ रही हैं, वहीं पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन इससे सहमत नहीं दिखते.
28 मार्च से शुरू हुए आईपीएल 2026 सीजन में राजस्थान रॉयल्स ने अपना पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेला. इस मैच में जहां चेन्नई सुपर किंग्स की बैटिंग बुरी तरह फ्लॉप रही और पूरी टीम सिर्फ 127 रन पर ढेर हो गई. वहीं 15 साल के वैभव ने ताबड़तोड़ बैटिंग का प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 17 गेंदों में 52 रन बनाकर धमाकेदार जीत की कहानी लिखी. इस तरह बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने दिखा दिया कि वो एक बार फिर इस लीग में छाने के लिए और इंटरनेशनल लेवल पर खेलने के लिए तैयार हैं.
पिछले एक साल में आईपीएल से लेकर अंडर-19 वर्ल्ड कप तक, वैभव ने हर जगह और हर फॉर्मेट में रन बटोरे हैं. ऐसे में उन्हें टीम इंडिया में जगह देने की मांग स्वाभाविक है. मगर अश्विन का मानना है कि यहां जल्दबाजी सही नहीं है और वैभव पर अभी से उम्मीदों का बोझ डालना गलत है. अपने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट एक वीडियो में दिग्गज स्पिनर ने कहा, “उसके लिए ऐसा लक्ष्य मत रखो. वो अभी बड़ा लड़का भी नहीं है, सिर्फ एक बच्चा है. अगर सूर्यवंशी 40 साल तक खेलता है तो अभी उसके पास ढाई दशक हैं का क्रिकेट बाकी है. उसे फिलहाल अकेला छोड़ दो. जब वक्त सही होगा तो वो अपने आप टीम में आ जाएगा.”
अश्विन ने वैभव की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की और कहा कि उनको लेकर इतनी जल्दबाजी करना सही नहीं है. वो इतने अच्छे प्लेयर हैं कि टीम इंडिया में खेलकर ही रहेंगे और इसलिए उन्हें अपने वक्त पर ही आने देना चाहिए.
वैभव ने बीती 27 मार्च को ही अपने 15 साल पूरे किए और इस तरह अब वो भारतीय क्रिकेट टीम के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने के लायक हो गए हैं. माना ये भी जा रहा है कि आईपीएल के बाद जून में टीम इंडिया के आयरलैंड दौरे पर उन्हें टी20 टीम में एक मौका मिल भी सकता है. हालांकि, फिलहाल पूरे दावे के साथ ऐसा कहना जल्दबाजी होगी. फिलहाल वैभव को इस पूरे सीजन में अपने बल्ले से निरंतरता के साथ प्रदर्शन करना होगा. अगर वो इसमें सफल होते हैं तो उनके लिए टीम के दरवाजे खुल ही जाएंगे.