विराट कोहली के साथ खेला था क्रिकेट, IPL में पंजाब ने दिया मौका, अब अचानक हुई मौत

Amanpreet Singh Gill has Passed Away: आईपीएल 2026 के बीच एक दुखद खबर ने पूरे भारतीय क्रिकेट जगत को झकझोर दिया है. विराट कोहली के साथ अंडर-19 क्रिकेट खेलने वाले और पंजाब के पूर्व तेज गेंदबाज अमनप्रीत सिंह गिल का निधन हो गया है. अमनप्रीत सिंह गिल ने सिर्फ 36 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया. पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए फैंस को ये जानकारी दी और उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया.

विराट कोहली के साथ खेलने का मिला मौका

चंडीगढ़ में जन्मे अमनप्रीत सिंह गिल पंजाब क्रिकेट टीम के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते थे. उन्होंने 2007 में श्रीलंका में अंडर-19 ट्राई सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जहां विराट कोहली और मनीष पांडे जैसे खिलाड़ी उनके साथी थे. उस सीरीज में अमनप्रीत ने 5 मैचों में 9 विकेट चटकाए थे, जिसमें फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ मैच-विनिंग स्पैल भी शामिल था.

इसके अलावा अमनप्रीत ने पंजाब के लिए 6 फर्स्ट क्लास मैच भी खेले. आईपीएल के शुरुआती सालों में वह किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) की टीम का हिस्सा रहे, हालांकि उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला. बाद में उन्होंने पंजाब सीनियर सिलेक्शन कमिटी के सदस्य के रूप में भी सेवा दी.

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने जताया दुख

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने अमनप्रीत सिंह गिल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. PCA ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमनप्रीत सिंह गिल ने पंजाब क्रिकेट की सेवा समर्पण और जुनून के साथ की. एसोसिएशन ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को इस कठिन समय में मजबूती देने की प्रार्थना की. ऐसे में संभावना है कि SRH के खिलाफ पंजाब किंग्स के मैच में टीम के खिलाड़ी श्रद्धांजलि देने के लिए काली पट्टी बांधकर खेलें.