ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त कायम कर ली है। ऑस्ट्रेलिया ने डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में पहला टेस्ट 214 रनों से जीता। डरबन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के मध्यक्रम के बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने महफिल लूटी।
उन्होंने पहली पारी में 397 गेंदों का सामना करने के बाद 190 रन जुटाए, जिसमें 21 चौके और एक सिक्स है। उन्होंने दूसरी पारी में 99 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 82 रन जोड़े। रेनशॉ ने मैच में कुल 272 रन जोड़े। उन्होंने अपनी कामचलाऊ स्पिन गेंदबाजी से दूसरी पारी में दो विकेट भी हासिल किए। 30 वर्षीय रेनशॉ ने एक नायाब क्लब में एंट्री कर ली है, जिसमें विजय हजारे और वीरेंद्र सहवाग भी शामिल हैं।
रेनशॉ एक टेस्ट में ऐसा करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बने
रेनशॉ टेस्ट इतिहास में एक मैच में 250 प्लस रन बनाने और दो या उससे अधिक विकेट चटकाने वाले 11वें क्रिकेटर बन गए हैं। वह ऐसा करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं। नायाब क्लब में भारत के तीन, श्रीलंका के दो जबकि ऑस्ट्रेलिया के अलावा वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान का एक-एक प्लेयर है। विजय हजारे ने 1948 में एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में कुल 261 रन बनाए थे। उन्होंने पहली पारी में 116 और दूसरी पारी में 145 रन बटोरे। उन्होंने मैच में दो विकेट झटके थे। भारत के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने 2008 में चेन्नई में साउथ अफ्रीका के सामने 304 गेंदों में 319 रनों की पारी खेली थी। उन्होंने पहली और दूसरी पारी में एक-एक विकेट लिया। वीनू मांकड़ ने 1952 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के विरुद्ध टेस्ट में कुल 256 रन जोड़े। उन्होंने पहली पारी में 72 और दूसरी पारी में 184 रन बनाए। मांकड़ ने मैच में पांच विकेट लिए थे।
एक टेस्ट मैच में 250 प्लस रन बनाने और 2 प्लस विकेट लेने वाले क्रिकेटर
भारत – विजय हजारे बनाम ऑस्ट्रेलिया, एडिलेड 1948
वेस्टइंडीज – फ्रैंक वॉरेल बनाम इंग्लैंड, नॉटिंघम 1950
भारत – वीनू मांकड़ बनाम इंग्लैंड, लॉर्ड्स 1952
पाकिस्तान – जावेद मियांदाद बनाम न्यूजीलैंड, कराची 1976
श्रीलंका – सनथ जयसूर्या बनाम भारत, कोलंबो 1997
भारत – वीरेंद्र सहवाग बनाम साउथ अफ्रीका, चेन्नई 2008
श्रीलंका – तिलकरत्ने दिलशान बनाम बांग्लादेश, चटगांव 2009
इंग्लैंड – बेन स्टोक्स बनाम वेस्टइंडीज, मैनचेस्टर 2020
न्यूजीलैंड – रचिन रवींद्र बनाम साउथ अफ्रीका, माउंट माउंगानुई 2024
साउथ अफ्रीका – वियान मुल्डर बनाम जिम्बाब्वे, बुलावायो 2025
ऑस्ट्रेलिया – मैट रेनशॉ बनाम साउथ अफ्रीका, डरबन 2026
डरबन टेस्ट की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने रेनशॉ की शानदार बल्लेबाजी के बाद तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (49 रन देकर छह विकेट) की बदौलत मंगलवार को मैच के पांचवें और अंतिम दिन जीत हासिल की। ऑस्ट्रेलिया के 421 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम 86.5 ओवर में 206 रन पर सिमट गई। साउथ अफ्रीका की ओर से सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने चौथी पारी में लगभग छह घंटे तक संघर्ष किया। उन्होंने 237 गेंद पर 75 रन बनाए और आउट होने वाले नौवें बल्लेबाज रहे। टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच 18 अक्टूबर से सेंट जॉर्ज पार्क में शुरू होगा।