भारत-न्यूजीलैंड फाइनल मैच से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, अहमदाबाद में स्टेडियम के बाहर हो रहा था कुछ ऐसा

IND vs NZ, T20 World Cup 2026 Final: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है. पूरे देश में लोग इस मैच को लेकर उत्साहित हैं. देश के अलग-अलग राज्यों से लोग मैच देखने के लिए अहमदाबाद पहुंच रहे हैं. फैंस अभी भी टिकट खरीदने के लिए स्टेडियम के बाहर उमड़ रहे हैं. लोग किसी भी कीमत पर, चाहे कालाबाजारी हो या कुछ और, मैच देखने के लिए टिकट खरीदने को तैयार हैं. ऐसे में अहमदाबाद सिटी क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है.

फाइनल मैच से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने फाइनल मैच की टिकटों की अवैध बिक्री के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई, जिसमें टिकटों को कालाबाजारी करके ज्यादा कीमत पर बेचने की कोशिश हो रही थी. अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम ने उस्मानपुरा इलाके में गुजरात विद्यापीठ एस.टी. बस स्टैंड के आसपास निगरानी के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी. दोनों को घेरकर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से कुल 8 मैच टिकट बरामद हुए. जांच में पता चला कि इन आरोपियों ने ये टिकट ऑनलाइन पहले से बुक कर रखे थे और अब इन्हें असली कीमत से तीन गुना ज्यादा दाम पर बेच रहे थे. वह क्रिकेट फैंस से प्रति टिकट 10,000 रुपए मांग रहे थे.

पुलिस ने सभी बरामद टिकट जब्त कर लिए हैं और दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. यह घटना ऐसे समय हुई है जब नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल मैच के लिए टिकटों की भारी मांग है. आधिकारिक टिकट जल्दी ही बिक जाते हैं, जिसके कारण कालाबाजारी करने वाले सक्रिय हो जाते हैं.

कौन सी टीम रचेगी इतिहास?

दोनों टीमों के बीच ये मैच शाम 7 बजे से खेला जाएगा. भारतीय टीम की नजर तीसरी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर है. वहीं, भारत पहली टीम भी है जो अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी. दूसरी ओर न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए भी ये एक बड़ा मौका है. उन्होंने अभी तक एक बार भी टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीता है. उसकी नजर अपनी पहली ट्रॉफी पर है. ऐसे में जो भी टीम जीते एक नया इतिहास रचना तय है.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें