फाइनल का टिकट दांव पर, ओपनिंग को लेकर बढ़ी टेंशन, रवि शास्त्री ने ओपनिंग में बदलाव का दिया सुझाव

टी20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में आज 5 मार्च को भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला खेला जाना है. मैच से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भारतीय टीम अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव करेगी या फिर मौजूदा संयोजन के साथ ही मैदान में उतरेगी.

टीम प्रबंधन के सामने सबसे बड़ी चिंता टॉप ऑर्डर की फॉर्म को लेकर है, जहां कुछ बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं.

वेस्टइंडीज के खिलाफ प्रदर्शन निराशजनक

हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. उस मैच में अभिषेक शर्मा सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए थे, जिसके कारण भारत को 29 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा. इसके बाद ईशान किशन भी 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और टीम का स्कोर 42 रन पर दो विकेट हो गया. हालांकि, इसके बाद संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 97 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और टीम को संभाल लिया.

संजू सैमसन की इस टूर्नामेंट में वापसी जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में हुई थी. इससे पहले वे नामीबिया के खिलाफ एक मैच में खेले थे, क्योंकि उस समय अभिषेक शर्मा बीमार थे. सैमसन की वापसी के बाद बल्लेबाजी क्रम में कुछ बदलाव भी हुए. ईशान किशन को नीचे भेजा गया, जबकि अभिषेक शर्मा को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी जाती रही.

अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन खास नहीं

अभिषेक शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ एक मुकाबले में 55 रन जरूर बनाए थे, लेकिन इसके अलावा उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा है. पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने अब तक छह पारियों में सिर्फ 80 रन बनाए हैं. उनका औसत करीब 13 और स्ट्राइक रेट 131 के आसपास रहा है. ऐसे में सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले से पहले उनकी फॉर्म को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय दी है. उनका मानना है कि टीम प्रबंधन को खिलाड़ियों की मौजूदा फॉर्म को ध्यान में रखते हुए प्लेइंग इलेवन पर विचार करना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर टीम को लगता है कि अभिषेक शर्मा आत्मविश्वास की कमी से जूझ रहे हैं तो इस पर गंभीरता से फैसला लिया जाना चाहिए. शास्त्री के अनुसार खिलाड़ियों की मानसिक स्थिति का अंदाजा नेट्स में उनकी बल्लेबाजी, बॉडी लैंग्वेज और टीम के साथ बातचीत से लगाया जा सकता है.

रवि शास्त्री ने क्या सुझाव दिया?

शास्त्री ने सुझाव दिया कि अगर बदलाव किया जाता है तो ईशान किशन को संजू के साथ ओपनिंग का मौका दिया जा सकता है. साथ ही रिंकू सिंह को निचले क्रम में फिनिशर की भूमिका में टीम में शामिल किया जा सकता है. ईशान किशन ने इस टूर्नामेंट में सात पारियों में 224 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी काफी प्रभावशाली रहा है.

हालांकि अभिषेक शर्मा का इंग्लैंड के खिलाफ पिछला रिकॉर्ड शानदार रहा है. पिछले साल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में उन्होंने 54 गेंदों में 135 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. इसलिए टीम प्रबंधन के सामने दुविधा है कि वह मौजूदा फॉर्म को प्राथमिकता दे या खिलाड़ी के पिछले प्रदर्शन पर भरोसा बनाए रखे.

Leave a Comment