पाकिस्तान और बांग्लादेश वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच ढाका में खेला जा रहा है. बांग्लादेश की टीम पहले बैटिंग करने आई, जिसके लिए तंजीद हसन तमीम ने अपने वनडे करियर का सबसे पहला शतक लगा दिया है.
उन्होंने 98 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी कर इतिहास भी रच डाला है. वो पाकिस्तान के खिलाफ ODI क्रिकेट में शतक लगाने वाले कुल सातवें बांग्लादेशी क्रिकेटर बने हैं.
तंजीद हसन ने रचा इतिहास
पिछले 11 साल में पाकिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश के लिए वनडे शतक लगाने वाले तंजीद हसन पहले बल्लेबाज हैं. उनसे पहले पाक टीम के खिलाफ शतक लगाने वाले आखिरी बांग्लादेशी बल्लेबाज सौम्य सरकार हैं, जिन्होंने साल 2015 में 127 रनों की पारी खेली थी. उनसे पहले पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में बांग्लादेश के सिर्फ 6 क्रिकेटर ही शतक लगा सके हैं.
तमीम इकबाल अब तक अकेले बांग्लादेशी क्रिकेटर हैं, जिन्होंने अपने वनडे करियर में पाक टीम के खिलाफ 2 शतक लगाए हैं.
PAK के खिलाफ ODI शतक लगाने वाले बांग्लादेशी बल्लेबाज
- शाकिब अल हसन
- नासिर हुसैन
- अनामुल हक
- तमीम इकबाल
- मुशफिकुर रहीम
- सौम्य सरकार
- तंजीद हसन
मैच की बात करें तो तंजीद हसन तमीम इस मैच में 107 गेंद में 107 रन बनाकर आउट हुए. इस ऐतिहासिक पारी में 6 चौके और 7 छक्के लगाए. तीसरे वनडे मैच में उन्होंने सैफ हसन के साथ मिलकर 105 रनों की सलामी साझेदारी की. हसन ने 36 रन बनाए.
सीरीज पर गौर करें तो इस मुकाबले का परिणाम ते करेगा कि ट्रॉफी कौन ले जाएगा. पहले वनडे मैच में बांग्लादेश ने पाक टीम को 8 विकेट से रौंद डाला था. वहीं दूसरे वनडे मैच में पाकिस्तान ने वापसी करते हुए 128 रनों की बड़ी जीत दर्ज की थी. अब इस तीसरे मैच को जो भी जीतेगा, वही सीरीज का विजेता कहलाएगा.