Brad Haddin head coach: न्यू साउथ वेल्स ने बड़ा ऐलान करते हुए पूर्व विकेटकीपर ब्रैड हैडिन को अपनी टीम का नया हेड कोच बनाया है. न्यू साउथ वेल्स का जैसे ही सीजन खत्म हुआ, उसके 24 घंटे के अंदर ही नए हेड कोच का ऐलान कर दिया गया. बता दें नया सीजन खत्म होते ही अंतिम मैच के दौरान असिस्टेंट कोचों को हटा दिया गया था. अब हैडिन को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए काफी क्रिकेट खेला है .बता दें ब्रैड हैडिन ने 66 टेस्ट, 126 वनडे और 34 टी20 मैच खेले हैं. हैडिन ने ग्रेग शिप्पर्ड की जगह ली है, जिन्हें जनवरी में ही टीम से बाहर कर दिया था.
शेफील्ड शील्ड में न्यू साउथ वेल्स का खराब प्रदर्शन
ब्रैड हैडिन को न्यू साउथ वेल्स की इसलिए कोचिंग सौंपी गई है क्योंकि इस टीम का शेफील्ड शील्ड में बेहद खराब प्रदर्शन रहा था. न्यू साउथ वेल्स का आखिरी मैच ड्रॉ रहा और टीम पांचवें स्थान पर रही. न्यू साउथ वेल्स की टीम वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया से 9 विकेट से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी. यही नहीं न्यू साउथ वेल्स के कम खिलाड़ी ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल हो रहे हैं, ऐसे में टीम की एसोसिएशन का मानना है कि राज्य में टैलेंट का विकास पहले जैसा नहीं हो रहा है.
हैडिन को है कोचिंग का अनुभव
ब्रैड हैडिन ने 12 सालों तक न्यू साउथ वेल्स की कप्तानी की है. फिलहाल वो आईपीएल में पंजाब किंग्स के असिस्टेंट कोच हैं. इससे पहले वो ऑस्ट्रेलियाई की पुरुष टीम और सनराइजर्स हैदराबाद के असिस्टेंट कोच रह चुके हैं. ब्रैड हैडिन को अब न्यू साउथ वेल्स का जिम्मा मिला है वो जून में अपना कार्यभार संभालेंगे.
हैडिन ने न्यू साउथ वेल्स को क्यों चुना?
हैडिन ने न्यू साउथ वेल्स का हेड कोच बनने के बाद बताया कि उन्हें दुनियाभर की कई लीग्स में कोचिंग के ऑफर मिल रहे थे लेकिन उन्होंने न्यू साउथ वेल्स में ही रहने का मन बनाया. हैडिन ने कहा कि वो न्यू साउथ वेल्स की टीम को ज्यादा बेहतर बना सकते हैं. हैडिन ने कहा कि वो न्यू साउथ वेल्स के खिलाड़ियों के खेलने का तरीका बदलना चाहते हैं जिससे पूरी टीम और खिलाड़ियों को ही फायदा होगा. न्यू साउथ वेल्स का हेड कोच बनते ही अब हैडिन बिग बैश लीग के अगले सीजन में सिडनी सिक्सर्स या सिडनी थंडर की कोचिंग का ऑफर नहीं स्वीकार करेंगे.