भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे में 121 रनों से जबर्दस्त जीत हासिल करने के बाद तीन मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त कायम कर ली। भारत ने रविवार को वडोदरा के मैदान पर 328/6 का स्कोर खड़ा करने के बाद जिम्बाब्वे को 48.5 ओवर में 207 रनों पर समेट दिया।
अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति श्मा ने छठे नंबर पर आने के उतरने के बाद शतक लगाया। उन्होंने 86 गेंदों में नाबाद 106 रनों की पारी खेली, जिसमें 15 चौके शामिल हैं। दीप्ति नंबर-6 या उससे नीचे क्रम में वनडे शतक ठोकने वाले भारत की पहली महिला खिलाड़ी हैं। उन्होंने हरमनप्रीत कौर (126) के साथ पांचवें विकेट के लिए 153 रनों दमदार साझेदारी की और भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। दीप्ति ने गेंद से भी प्रभाव छोड़ा। उन्होंने 9 ओवर के स्पेल में 32 रन देकर तीन विकेट झटके।
सचिन तेंदुलकर के स्पेशल क्लब में दीप्ति शर्मा
29 वर्षीय दीप्ति ने अपने वनडे करियर का दूसरा शतक लगाकर ना सिर्फ इतिहास रचा बल्कि सचिन तेंदुलकर के स्पेशल क्लब में एंट्री भी कर ली। उन्होंने पिछली सेंचुरी साल 2017 में लगाई थी। दीप्ति वनडे क्रिकेट में 150 प्लस विकेट लेने और दो या उससे अधिक सेंचुरी लगाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर हैं। वह भारत के लिए ऐसा करने वाली कुल तीसरी क्रिकेटर (महिला/पुरुष) बन गई हैं। दीप्ति के खाते में फिलहाल 126 वनडे में 2877 रन हैं, जिसमें दो शतक के अलावा 18 अर्धशतक हैं। उन्होंने अब तक इस फॉर्मेट में 171 विकेट चटकाए हैं। महान बल्लेबाज सचिन ने वनडे में 154 विकेट लेने के अलावा 49 शतक जमाए। मनोज प्रभाकर ने इस फॉर्मेट में भारत के लिए 157 चटकाने के अलावा दो शतक मारे थे।
महिला वनडे में सिर्फ चार प्लेयर ने किया ऐसा
वनडे वनडे क्रिकेट इतिहास में अब तक सिर्फ चार खिलाड़ी ही 150 प्लस विकेट और दो या उससे ज्यादा शतक का कारनामा अंजाम दे पाई हैं। दीप्ति से पहले ऐसा ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी (167 विकेट और तीन शतक), साउथ अफ्रीका की मैरिजैन कप्प (181 विकेट और चार शतक) और वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर (157 विकेट और 10 शतक) ने किया। दीप्ति के लंबे समय बाद शथक लगाने की भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने तारीफ की। उन्होंने कहा, ”वह शानदार बल्लेबाजी कर रही हैं। महिला वनडे वर्ल्ड कप में भी उन्होंने मैच जिताने वाली पारियां खेली थीं। मुझे खुशी है कि उन्होंने शतक लगाया।” भारत और जिम्बाब्वे वनडे सीरीज का आखिरी मैच बुधवार को आयोजित होगा।